हरियाणा सरकार अंतिम छोर पर बसे जिला दादरी में अब औद्योगिक टाउनशिप विकसित करेगी। सीमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) की करीब 200 एकड़ जमीन पर इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार हो गई है। पहले यहां आवासी कॉलोनी विकसित करने की योजना थी, जिसे सरकार ने अब बदल दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) इस टाउनशिप को विकसित करेगा और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय तथा एचएसआईआईडीसी मिलकर परियोजना को आगे बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।