अमृतसर। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा हर साल आयोजित होने वाला 'पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो' (पाईटैक्स) 3 से 7 दिसंबर, 2026 तक अमृतसर में अपना 20वां संस्करण आयोजित करने जा रहा है। यह आयोजन एक और जहां व्यापार, उद्योग, उद्यमिता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के दो दशकों के सफर का प्रतीक है, वहीं अमृतसर समेत समूचे पंजाब में यह पहला ऐसा आयोजन है, जिसने पंजाब सरकार के सहयोग से एक ही स्थान पर 20 साल का सफर तय किया है।
वर्ष 2005 में लगभग 50 स्टॉलों के साथ शुरू हुआ पाईटैक्स आज उत्तर भारत की प्रमुख व्यापार प्रदर्शनियों में से एक बन गया है। इसमें विभिन्न राज्यों और देशों के 600 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेते हैं। उम्मीद है कि इस बार के संस्करण में तीन लाख से अधिक लोग इसे देखने आएंगे।
2005 में यहां आए कई कारोबारी 2026 में भी इस प्रदर्शनी का हिस्सा बनने जा रहे हैं। प्रदर्शनी ने छोटे उद्यमियों, निर्माताओं, व्यापारियों, कारीगरों और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों के लिए व्यापार के अवसर पैदा करके पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूती, व्यापार, उद्योग और उद्यमिता को बढ़ावा
उत्तर भारत के प्रमुख 'प्रोडक्ट लॉन्च पैड' के रूप में उभरा
2005 में आए कारोबारी 2026 में आयोजन में भी होंगे शामिल
इस साल का थीम होगा सांझी विरासत
पीएचडीसीसीआई पंजाब स्टेट चैप्टर के अध्यक्ष, करण गिलहोत्रा ने पंजाब को व्यापार और निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में पाईटैक्स के 20 साल के सफर पर बोलते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी व्यवसायों को नए बाजारों को तलाशने, साझेदारियां बनाने और अपने कामकाज का विस्तार करने के अवसर प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि पाईटैक्स पंजाब के उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोडऩे के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है। पीएचडीसीसीआई पंजाब स्टेट चैप्टर की को-चेयर, हिमानी अरोड़ा ने कहा कि इस साल जहां पाईटैक्स का 20वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है वहीं गुरुनानक देव विश्वविद्यालय के सहयोग से अमृतसर का 450वां स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाईटैक्स इस समय महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
पीएचडीसीसीआई के सेक्टरी जनरल डॉ. रंजीत मेहता ने कहा कि पाईटैक्स के आयोजन के दौरान अमृतसर में लॉजिस्टिक्स, परिवहन, आवास, खान-पान और अन्य सेवाओं की मांग बढ़ती है। जिससे यहां के कारोबारियों को भी लाभ मिलता है।
पीएचडीसीसीआई पंजाब चेप्टर की को-चेयर हिमानी अरोड़ा ने बताया कि वर्ष 2026 का संस्करण, का थीम सांझी विरासत है, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की भागीदारी के साथ पाईटैक्स के 20 वर्षों और अमृतसर की 450 साल पुरानी विरासत का जश्न मनाएगा। इस प्रदर्शनी में पारंपरिक शिल्प, फुलकारी, वस्त्र, खाद्य उत्पाद और स्थानीय उद्यम प्रदर्शित किए जाएंगे। जम्मू-कश्मीर के लिए एक विशेष सेक्शन होगा, जिसमें वहां के हस्तशिल्प, पर्यटन, कृषि और व्यावसायिक संभावनाओं को उजागर किया जाएगा।