मोहाली, 16 नवंबर, 2026: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सरदार बलबीर सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार ने लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ को भ्रष्टाचार और जनता के पैसे की सीधी ‘लूट यात्रा’ में तब्दील कर दिया है।
आज यहां जारी एक प्रेस बयान में सरदार सिद्धू ने कहा कि तीर्थ यात्रा योजना का विचार तो अच्छा है, लेकिन मौजूदा सरकार द्वारा इसे लागू करने का तरीका बेहद खराब और घोटालों से भरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के ट्रांसपोर्टरों को नजरअंदाज कर इस योजना का ठेका पंजाब से बाहर की कंपनियों और अरविंद केजरीवाल के चहेतों को बेहद महंगे दामों पर दिया गया है, ताकि सरकारी खजाने को खुलेआम लूटा जा सके।
पूर्व मंत्री ने ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की जान से खिलवाड़ करते हुए यात्रा के लिए पुरानी और खटारा बसें किराए पर ली गई हैं। इन बसों की न तो समय-समय पर तकनीकी जांच करवाई जाती है और न ही इनके चालक अनुभवी हैं। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और ठेकेदार की इसी लापरवाही एवं कुप्रबंधन के कारण हाल ही में तरनतारन के निकट तीर्थ यात्रा पर जा रही दो बसों की भयानक टक्कर हुई, जिसमें 4 निर्दोष श्रद्धालुओं की कीमती जान चली गई। इस हादसे की सीधी जिम्मेदारी राज्य सरकार की बनती है।
सिद्धू ने इस योजना में हो रहे वित्तीय घोटाले का पर्दाफाश करते हुए कहा कि बसों में वास्तविक यात्रियों की संख्या केवल 20 के करीब होती है, लेकिन ठेकेदार द्वारा सरकारी खजाने से 40 यात्रियों के हिसाब से बिल वसूले जा रहे हैं। इसी तरह श्रद्धालुओं को दिए जाने वाले भोजन, चाय, पानी और पीतल के गिलासों के लिए भी बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दरों पर ठेकेदार को भुगतान किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि तीर्थ यात्रा योजना में हुए करोड़ों रुपये के घोटाले और 4 श्रद्धालुओं की मौत के मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों की मेहनत की कमाई को दूसरे राज्यों के ठेकेदारों के माध्यम से लूटने की इजाजत नहीं दी जाएगी और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सरकार को घेरती रहेगी।