निखिल
गुरुग्राम। स्थानीय लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-10ए में शनिवार को कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की सुप्रसिद्ध कहानी ‘पंच परमेश्वर’ का विद्यार्थियों द्वारा शानदार नाट्य मंचन किया गया। कक्षा सातवीं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्रामीण परिवेश को जीवंत कर दिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से मित्रता, निष्पक्ष न्याय, सत्यनिष्ठा एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
-कक्षा 7वीं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने ग्रामीण परिवेश को किया जीवंत
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलमय गीत के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केआईआईटी विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर नीलिमा कामराह उपस्थित रहीं। नीलिमा कामराह ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अभिनय की सराहना की और उन्हें साहित्य, नैतिक मूल्यों एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंचन से बच्चों में न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि वे भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को भी गहराई से समझ पाते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिंदर कौर ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए मुंशी प्रेमचंद के हिंदी साहित्य में अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में साहित्यिक गतिविधियों के महत्त्व को रेखांकित करते हुए बच्चों को सदैव सत्य एवं न्याय का साथ देने की प्रेरणा दी तथा बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
चेयरमैन ने दिया राजा विक्रमादित्य का उदाहरण
विद्यालय के चेयरमैन लायन डी. वी. तनेजा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए राजा विक्रमादित्य का प्रेरणादायक उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि न्याय के आसन पर बैठने वाले व्यक्ति को निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर निष्पक्ष एवं ईमानदार निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रयासों की भी सराहना की। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन लायन विजय बुद्धिराजा, वाइस चेयरमैन लायन अशोक सोमल व नीरू सोमल उपस्थित रहे। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर अनीता वाधवा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।