-स्कूल-कॉलेजों के बाहर गश्त बढ़ाने की मांग
निखिल
गुडग़ांव। जिला में तेजी से फैलते नशे के कारोबार को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शहर में नशे के अवैध नेटवर्क पर अंकुश लगाने, युवाओं को नशे के जाल से बचाने और स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। इस दौरान सूबे सिंह यादव एडवोकेट, सीमा हुड्डा, विकास हुड्डा, हरकेश प्रधान, राजीव यादव समेत आदि मौजूद रहे।
पंकज डावर की अध्यक्षता में पुलिस आयुक्त सिबाश कबिराज को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से गुरुग्राम में नशे का अवैध कारोबार एक गंभीर सामाजिक एवं कानून-व्यवस्था की समस्या बनता जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं रिहायशी कॉलोनियों में नशीले पदार्थों की बिक्री और इनके अवैध नेटवर्क को लेकर आम नागरिकों में गहरी चिंता और भय का माहौल है। कांग्रेस ने सबसे अधिक चिंताजनक स्थिति युवा पीढ़ी को बताया है। ज्ञापन में कहा गया कि विशेषकर स्कूल और कॉलेजों में पढऩे वाले विद्यार्थी नशे के सौदागरों के निशाने पर हैं। यदि समय रहते इस पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो इसका दुष्परिणाम न केवल युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा, बल्कि पूरे समाज की सामाजिक संरचना प्रभावित होगी।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) ने पुलिस आयुक्त के समक्ष 7 प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग स्कूल एवं कॉलेजों के बाहर विशेष गश्त बढ़ाने की है। दूसरी मांग रिहायशी कॉलोनियों में सख्त कार्रवाई की है। तीसरी मांग नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार की है। चौथी मांग विशेष एंटी-ड्रग अभियान चलाने की है। पांचवीं मांग पीजी, हॉस्टल एवं किराये के मकानों की निगरानी की है। छठी मांग गुप्त शिकायत व्यवस्था बनाने की है। सातवीं मांग युवाओं के लिए जागरुकता अभियान चलाने की है। पंकज डावर ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों एवं सामुदायिक केंद्रों में नशे के दुष्परिणामों को लेकर जागरुकता अभियान चलाए जाएं तथा नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं के पुनर्वास के लिए भी प्रयास किए जाएं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को तबाह कर देता है। जिस शहर की पहचान देश के प्रमुख औद्योगिक एवं शैक्षणिक केंद्र के रूप में होती है, वहां हमारी युवा पीढ़ी का नशे की गिरफ्त में जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि इस विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाए। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि गुडग़ांव की युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करने और शहर को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम करने का कांग्रेस का उद्देश्य है। हम सब मिलकर नशे को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम करेंगें। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, पूरे समाज की लड़ाई है।