डेराबस्सी। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एन के शर्मा ने कहा है कि पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार की गलत नीतियों के कारण आज प्रदेश गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। पंजाब सरकार प्रदेश वासियों को लगातार गुमराह कर रही है।
मुबारिकपुर में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने आप को छोड़ अकाली दल का दामन थामा
एन के शर्मा निकटवर्ती कस्बा मुबारिकपुर में आम आदमी पार्टी छोडक़र आए पंचायत सदस्य जसविंदर काला व उनके साथियों का अकाली दल में स्वागत करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जसविंदर काला को अकाली दल हलका डेराबस्सी का उपाध्यक्ष तथा केसर सिंह को यूथ अकाली दल डेराबस्सी का महासचिव नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंगल सिंह, बिंदर सिंह, सोहन सिंह, पलविंद्र सिंह, सूरज सिंह, हैप्पी सिंह, मेहर सिंह, सरलोचन सिंह ने आम आदमी पार्टी को छोडक़र अकाली दल में शामिल होने का ऐलान किया। पूर्व विधायक एन के शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं को सिरोपा पहनाकर उनका स्वागत किया।
शर्मा ने पंजाब सरकार से वित्तीय मामलों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि आज कर्मचारियों तथा पेंशनरों को डीए देने के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। हालात यह है कि कर्ज पर ब्याज की अदायगी करने के लिए सरकार आए दिन कर्ज ले रही है। पंजाब सरकार चुनाव से पहले वित्तीय मामलों पर श्वेत पत्र जारी करके बताए कि वर्ष 2022 से लेकर अब तक कितना कर्ज लिया गया है और कितना कर्ज वापस किया गया है।