निखिल
गुरुग्राम। रविवार को यहां भाजपा कार्यालय गुरुकमल में प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भाजपा गुरुग्राम महानगर के कार्यालय का उद्घाटन किया। जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने हवन-यज्ञ में आहुति अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा संगठन की मजबूती और जनकल्याण की मंगलकामना की।
-भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने गुरुग्राम महानगर के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही यह बात
- हवन-यज्ञ एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यालय का किया शुभारंभ
अपने संबोधन में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित, निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण से ही पार्टी की विचारधारा तथा जनसेवा का संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन गढ़े चलो, सुपथ पर बढ़े चलो के मंत्र को आत्मसात करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद स्थापित करने को पे्ररित किया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय केवल बैठकों और प्रशासनिक गतिविधियों का स्थान नहीं, बल्कि संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, विचार-विमर्श, योजना निर्माण और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र होता है।
प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों तथा उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय और जनसेवा भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक पहचान और संगठन की कार्य संस्कृति का मूल आधार है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ समाज के बीच कार्य करता है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल पदाधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता जितना अधिक जनता के बीच सक्रिय रहेगा, संगठन उतना ही अधिक सशक्त होगा। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, वेद फुल्लां एवं सत्यप्रकाश जरावता, मानेसर से मेयर प्रत्याशी रहे सरपंच सुंदर लाल यादव, जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा, गुरुग्राम भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला प्रभारी संदीप जोशी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।