निखिल
गुरुग्राम। नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर सड़कों पर दौड़ रहे छह दोपहिया वाहनों को ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने इम्पाउंड किया है। कार्रवाई के दौरान किसी वाहन की नंबर प्लेट पर टेप लगा मिला तो किसी पर काला रंग किया हुआ था। वहीं, कुछ वाहनों पर टेम्पर्ड नंबर प्लेट भी पाई गईं।
नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर सड़कों पर दौड़ रहे छह दोपहिया वाहन इम्पाउंड
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई में रेलवे स्टेशन टी-पॉइंट पर जोनल अधिकारी एएसआई राजबीर और उनकी टीम ने नंबर प्लेट पर टेप लगाकर पहचान छिपाने वाली एक स्कूटी को इम्पाउंड किया। वहीं, वजीराबाद चौक पर जोनल अधिकारी एएसआई और उनकी टीम ने पांच अन्य दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें इम्पाउंड किया। इनमें स्कूटी और बाइक शामिल हैं।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि वाहन चालकों ने नंबर प्लेट की पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए हुए थे। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाया गया था, जबकि कुछ पर काला रंग करके नंबरों को छिपाने का प्रयास किया गया था। इसके अलावा कुछ वाहनों पर टेम्पर्ड नंबर प्लेट लगी हुई मिलीं। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाएं। नंबर प्लेट को छिपाना, बदलना या उसके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करना नियमों का उल्लंघन है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालक अक्सर चालान से बचने, अपराध को अंजाम देने के बाद पहचान छिपाने और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए ऐसा करते हैं। ऐसे वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में भी इस तरह की विशेष जांच अभियान जारी रहेगा।