निखिल
गुरुग्राम। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक राजीव चौक का अंडरपास आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लापरवाही का जीता-जागता सबूत बन गया है। करोड़ों रुपये खर्च करके बनाए गए इस अंडरपास का हाल देखकर कोई भी कह सकता है कि यह जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि ठेकेदारों और भ्रष्ट अधिकारियों की जेब भरने के लिए बनाया गया था। कांग्रेस ने इसे भाजपा की सबसे बड़ी विफल परियोजनाओं में से एक बताया है।
-सड़ रहा गंदा पानी व गंदगी, ना मंत्री सुध ले रहे ना विधायक ना भाजपा नेता
-करोड़ों खर्च के बाद भी जनता को नहीं मिला लाभ, भ्रष्टाचार की खुली पोल
-स्वचालित सीढिय़ां भी लगाने के बाद एक बार भी नहीं चलीं
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने शनिवार को अपने साथी नेताओं के साथ राजीव चौक अंडरपास की दौरा करके उसकी बदहाली को उजागर किया। उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्टाचार की चरमसीमा देखनी है तो राजीव चौक के अंडरपास में आकर देख लें। अंडरपास बनाने से पहले न तो कोई ठोस सर्वे किया गया, न जनता की जरूरत समझी गई और न ही ट्रैफिक की वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया। जरूरत नहीं थी, फिर भी करोड़ों रुपये खर्च करके अंडरपास बना दिए गए। आज स्थिति यह है कि जिन लोगों के लिए यह बनाया गया था, वे ही इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। अंडरपास में चलने के लिए जगह नहीं है, गंदगी का अंबार लगा है, बदबू आती है और अंधेरा छाया रहता है। महिलाएं और बुजुर्ग तो यहां से गुजरने में डरते हैं।
पंकज डावर ने कहा कि भाजपा केवल उद्घाटन और फीता काटने में विश्वास करती है। काम की गुणवत्ता, रखरखाव और जनता की सुविधा से उसे कोई मतलब नहीं है। गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी बनाने का दावा करने वाली भाजपा राजीव चौक जैसा एक अंडरपास तक ठीक से नहीं चला सकी। यह पैसा जनता की मेहनत का पैसा है, टैक्स का पैसा है। इसे यूं बर्बाद करने का अधिकार किसी सरकार को नहीं है। पंकज डावर ने कहा कि सबसे बड़ा मजाक तो स्वचालित सीढिय़ों यानी एस्केलेटर के साथ हुआ है। जनता की सुविधा के नाम पर लाखों रुपये की लागत से एस्केलेटर लगाए गए, लेकिन बनने से लेकर आज तक उन्हें कभी शुरू ही नहीं किया गया।