केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लगातार पंजाब, किसान, सिख और राज्यों के विरोध में लिए जा रहे फ़ैसलों और अकाली दल द्वारा विरोध की बजाय हिमायत करने के स्टैंड पर अकालियों को घेरते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं और कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि भाजपा द्वारा संघीय ढांचे का गला घोटने के लिए अकाली दल बराबर का हिस्सेदार है।
आज यहाँ जारी साझे प्रैस बयान में कैबिनेट मंत्रियों तृप्त राजिन्दर सिंह बाजवा, सुखजिन्दर सिंह रंधावा, गुरप्रीत सिंह कांगड़, सुखबिन्दर सिंह सुख सरकारिया और बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि केंद्र के किसान विरोधी अध्यादेशों की हिमायत करके सुखबीर बादल ने सिद्ध कर दिया है कि उन्होंने हरसिमरत बादल की केंद्रीय वज़ीरी के लिए अपनी विचारधारा को ही भाजपा के पास गिरवी रख दिया है।