पटियाला, 20 नवंबर : पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंदर कौर ने आज प्रशासन पर पटियाला नगर निगम चुनावों के दौरान नामांकन पत्रों की जांच में जानबूझकर देरी करने और विपक्षी उम्मीदवारों को परेशान करने का आरोप लगाया।
पटियाला में मीडिया से बातचीत करते हुए जय इंदर कौर ने कहा कि सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) के इशारे पर प्रशासन विपक्षी उम्मीदवारों के साथ मनमानी कर रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आप के दबाव में प्रशासन विपक्षी उम्मीदवारों को कर रहा है परेशान
|
उन्होंने बताया कि पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर दोबारा चुनाव करवाए जा रहे हैं, क्योंकि इससे पहले भी सरकार द्वारा मनमानी की गई थी, जिसके चलते सर्वोच्च न्यायालय को नए सिरे से चुनाव करवाने के आदेश देने पड़े थे। उन्होंने कहा, "यह हैरान करने वाली बात है कि आम आदमी पार्टी को सुप्रीम कोर्ट का भी कोई डर नहीं है।"
उन्होंने ने जानकारी दी कि भाजपा ने सरकार की मनमानी के संबंध में अदालत द्वारा गठित निगरानी समिति के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है। इसके बाद पर्यवेक्षकों को मौके पर भेजा गया, जिसके चलते विपक्षी उम्मीदवारों को आखिरकार अंदर प्रवेश मिल सका।
सत्ताधारी दल विपक्ष से इतना भयभीत क्यों है, इस पर सवाल उठाते हुए जय इंदर कौर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना दबाव बनाने वाला रवैया नहीं छोड़ा तो भाजपा इसका दृढ़ता से विरोध करेगी और एक बार फिर अदालत का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगी।