बूंदी, 27 अक्टूबर। 53 गौत्र जमात लोहारान काठेड़ा एवं बूंदी लोहारान पंचायत के तत्वावधान में 43वें इज्तेमाई शादी सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में 24 बालिग जोड़ों का निकाह कानूनी दस्तावेजी प्रक्रिया के साथ संपन्न कराया गया। आयोजन के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे, एकता, सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक सुधार का संदेश दिया गया।
सम्मेलन की कमान लौहार वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सैफी मोहम्मद आरिफ नागोरी ने संभाली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामूहिक शादी सम्मेलन का उद्देश्य केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि समाज में एकता, शिक्षा और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने समाजजनों से शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने, दहेज जैसी कुरीतियों से दूर रहने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
जमात के सेक्रेटरी सलीम अख्तर ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए संगठन, अनुशासन और सहयोग जरूरी हैं। ऐसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों का आर्थिक बोझ कम करने और सामाजिक रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। खजांची नासिर रजा काठावत ने आर्थिक पारदर्शिता और जरूरतमंद परिवारों की सहायता पर जोर दिया।
सादगीपूर्ण विवाह, शिक्षा और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का संदेश
नायब सदर सलीम अगवान, समाजसेवी एवं रक्तवीर राजेश खोइवाल, ऑफिस इंचार्ज इरशाद हसनौत और शादाब काठावत ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षा और रोजगार के प्रति प्रोत्साहित करने, नशे से दूर रहने, बुजुर्गों का सम्मान करने तथा समाज में आपसी मोहब्बत और भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले मेहमानों और समाजजनों के लिए भोजन, बैठने, सुलभ शौचालय और पार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। सम्मेलन के सफल आयोजन में कमेटी सदस्यों, कार्यकर्ताओं और सहयोगकर्ताओं ने योगदान दिया।