चंडीगढ : 27 अक्टूबर, 2026 :- पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब विधानसभा के पांच दिवसीय विशेष सत्र के आखिरी दिन आम आदमी पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस के आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे की कड़ी निंदा की है।
ढिल्लों ने कहा कि सेशन के आखिरी दिन दोनों पार्टियों ने पंजाब के मुद्दों की जगह एक-दूसरे पर कीचड़ उछालने को तरजीह दी, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि विधानसभा की मान-मर्यादा का भी कोई ख्याल नहीं रखा गया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- ‘आप’ और कांग्रेस ने सेशन का कीमती समय आरोप-प्रत्यारोप में गंवाया
एक सेशन पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, जो पंजाब के लोगों के टैक्स का पैसा है, पर दोनों पार्टियों ने गंभीर मुद्दे उठाने की जगह यह समय बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब इस वक्त नशों की मार, बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था, गैंगस्टरवाद, बढ़ते कर्जे और खस्ता माली हालत से जूझ रहा है। लेकिन पूरे पांच दिन के सेशन के दौरान इन गंभीर मुद्दों पर कोई सार्थक चर्चा नहीं हुई।
ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार इन अहम मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है, क्योंकि उसके पास लोगों के सवालों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब के लोग सरकार को इस तरह जवाबदेही से भागने नहीं देंगे। उन्होंने कहा, ‘पंजाब के साथ किए हर धोखे का जवाब लिया जाएगा। भाजपा पंजाब के लोगों की आवाज बनकर इन मुद्दों को हर प्लेटफॉर्म पर उठाती रहेगी।‘