पूर्व सांसद एवं गुडग़ांव लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर जी ने हमें जो संविधान दिया, वह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं बल्कि उनका सदियों का दर्द है। उस दर्द को बाबा साहेब ने संविधान में उतारा और दलितों, वंचितों को समान अधिकार देने का काम किया। ऐसी महान हस्ती को हम सदैव नमन करते हैं। यह बात उन्होंने मंगलवार को बतौर मुख्य अतिथि कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर जी की जयंती पर उन्हें नमन करके अपने संबोधन में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कही। इस अवसर पर पार्टी के पुराने एवं बुजुर्ग कार्यकर्ताओं (सिपाहियों) शुभराम, स्नेहलता हुड्डा, आशा शर्मा को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।