पंचकूला,12 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : अंबाला के सासद रतन लाल कटारिया ने कहा कि किसानों एवं मजदूरों के मसीहा दीनबंधु सर छोटूराम का भाखड़ा डैम के निर्माण में अहम योगदान रहा है, इसलिए भाखडा डैम पर उनका स्टेच्यू स्थापित करवाने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करेंगे। कटारिया सेक्टर 6 स्थित जाट भवन में इलैक्ट्रोनिक लिफ्ट का उदघाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। कटारिया ने जाट भवन में स्थापित दीनबंधु सर छोटूराम की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। इस लिफ्ट के निर्माण के लिए सासद रतन लाल कटारिया ने सासद निधि कोष से 11 लाख रुपये अनुदान दिया था। जाट सभा के प्रधान डॉ. महेंद्र सिंह मलिक (रिटायर्ड डीजीपी हरियाणा) ने अंबाला के सासद रतन लाल कटारिया का स्वागत किया। इस अवसर पर जाट सभा के महासचिव आरके मलिक, जम्मू एवं कश्मीर जाट सभा के अध्यक्ष हरकंवल सिंह, अशोक श्योकंद, प्रेम सिंह मलिक, राजेंद्र खर्ब, बीएस मलिक, सतीश बजाड़ उपस्थित थे।