गुरुग्राम,7 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : दिल्ली एनसीआर में बदलते मौसम की वजह से स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। सभी स्कूल सुबह नौ बजे से खुलेंगे। सरकारी स्कूलों में तो जिला शिक्षा अधिकारी की तरफ से यह निर्देश जारी कर दिए गए हैं, लेकिन निजी स्कूलों की तरफ से देर शाम तक कोई भी सूचना न मिलने से अभिभावकों में असमंजस की स्थिति रही।
सरकारी स्कूलों में आदेश के आते ही समय परिवर्तित करने की सूचना पहुंच गई और स्कूलों को खोलने का समय नौ बजे व उन्हें बंद करने का समय साढ़े तीन बजे कर दिया गया। उधर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान तरुण सुहाग ने बताया कि संघ की तरफ से विभाग से स्कूलों के समय बदलने की मांग की गई थी, जिसे तत्काल प्रभाव से मान लिया गया।
सेक्टर 31 निवासी अभिभावक अरुण कुमार के मुताबिक वे देर शाम तक स्कूल से किसी संदेश के आने का इंतजार करते रहे और सुबह बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर ¨चतित थे। अभिभावक प्रज्ञा शर्मा के मुताबिक वे अपने बच्चों को स्कूल निजी वाहन से भेजती हैं, उन्हें स्कूल की तरफ से किसी औपचारिक सूचना का इंतजार था। कुछ स्कूलों ने अभी एक दम से समय में बदलाव नहीं किया है। सेक्टर चार स्थित सीसीए स्कूल की प्राचार्य निर्मल यादव का कहना है कि स्मॉग का असर शहर के बाहरी इलाकों में होता है और उनका स्कूल शहर के बीचोबीच है ऐसे में इसका कोई नुकसान नहीं होगा। स्कूलों का तर्क था कि एकदम से समय में बदलाव संभव नहीं था क्योंकि बहुत से स्कूलों को जिला शिक्षा अधिकारी का लेटर नहीं पहुंच सका था।