महम,7 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) क्षेत्र के गांव सैमाण में दैनिक जागरण व हरियाणा नवयुवक कला संगम के सयुंक्त तत्वावधान में पराली न जलाने को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ कला संगम के महानिदेशक डा. जसफूल ¨सह ने हरी झंडी दिखाकर किया। जिसमें महिलाओं ने पराली न जलाने को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर पराली नहीं जलानी है, हमें सबसे पहले चाहिए शुद्ध पर्यावरण। पराली नहीं जलाना है, पर्यावरण शुद्ध बनाना है, आदि नारे लगाए तथा संदेश लिखी तख्तियां दिखाते हुए आगे बढ़ी।। सैमाण में पराली न जलाकर उनके बचे हुए अवशेष को खाद के रूप में प्रयोग करने के लिए जागरूकता अभियान के तहत हरियाणा नवयुवक कला संगम केंद्र से चलकर गांव की गलियों से होते हुए जनशिक्षण संस्थान के उप केंद्र पर पहुंची। पर्यावरण को प्रदूषण से बचाएं। जन शिक्षण संस्थान के महानिदेशक डा. जसफूल ने कहा कि पराली जलाने के बाद हवा में जहरीला धूआं फैल जाने से आंखें में जलन व सांस में तकलीफ तो होती है इसके और भी कई गलत परिणाम सामने आए हैं। धूआं बढ़ जाने के कारण सड़क पर चलने वाले वाहन चालक को रास्ता दिखाई न देने के कारण दुर्घटना का शिकार होना पड़ जाता है। इसलिए किसानों को चाहिए कि पराली को या तो चारे के रूप में प्रयोग किया जाए अन्यथा यह खाद के रूप में बहुत ही बढि़या काम करती है। इसलिए इसको जलाना ही एकमात्र विकल्प नहीं है। धूएं से सांस लेने में तकलीफ होती है। इनको जलाने से भूमि की उत्पादन शक्ति कमजोर हो जाती है। इस अवसर पर जनशिक्षण संस्थान प्रभारी राजेश कश्यप, प्रशिक्षण उपकेंद्र सैमाण की इंचार्ज ज्योति, सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रियंका, अनुदेशिका वर्षा, रेखा आदि मौजूद रही।