पंचकूला ,7 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) नगर निगम आयुक्त राजेश जोगपाल को लेटर लिखकर काम करने से इन्कार करने वाले इंजीनियर विंग के म्यूनिसिपल इंजीनियरिंग मनदेव सिंह पर गाज गिर गई है। मनदेव सिंह को आयुक्त ने सस्पेंड कर दिया है। साथ ही आयुक्त ने सुपरिंटेडिंग इंजीनियर डीके मंगला के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सरकार को पत्र लिख दिया है। दरअसल पंचकूला नगर निगम में इंजीनियरिंग विंग के ढुलमुल रवैये के कारण बीते 2 साल से तीन प्रमुख डिवाइडिंग रोड्स की रीकार्पेटिंग टलती रही है। ये तीनों डिवाइडिंग रोड्स जर्जर हाल में हैं। इन रोड्स में हुए गड्ढों को 5 बार भरा जा चुका है। इंजीनियरिंग विंग की ओर से हर बार कोई नया बहाना बनाकर रीकार्पेटिंग वर्क टालने की कोशिश होती रही है। निगम ने अक्टूबर के पहले हफ्ते में टेंडर अलॉट किया था। विधायक ने नारियल फोड़ कर वर्क शुरू कराया था। निगम अफसरों ने 10 दिन में इन डिवाइडिंग रोड्स सहित शहर की सभी सड़कों के गढ्डे भर दिए जाने का दावा किया था लेकिन निगम के इंजीनियरिंग विंग में तैनात रीकार्पेंटिंग इंजीनियर, म्यूनिसिपल इंजीनियर, जूनियर इंजीनियर ने रीकार्पेटिंग वर्क की सुपरविजन से पल्ला झाड़ लिया था।
हुडा या किसी अन्य एजेंसी से कहा था काम कराने को
निगम कमिश्नर राजेश जोगपाल को लेटर लिखकर इन्होंने शहर में चल रहे वर्क की इंस्पेक्शन सुपरविजन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) या किसी अन्य एजेंसी से कराने को कहा था। उन्होंने निगम में रेगुलर जूनियर इंजीनियरों की कमी होने के कारण इस काम को कर पाने में असमर्थता जताई थी।
लेटर में लिखा था : निगम में काम का माहौल नहीं है
लेटर में लिखा गया था कि निगम में कामकाज का माहौल भी नहीं है। विभिन्न मुद्दे समय-समय पर उठने के कारण कामों को सिरे चढ़ाना मुश्किल हो रहा है। निगम के कामकाज में आए दिन अड़ंगे डलने के कारण यहा का माहौल खराब हो चुका है। इससे काम लेट हो रहा है। अफसरों की छवि खराब हो रही है। इन सबके कारण वर्क को इंस्पेक्शन नहीं करना चाहते हैं।
बाकी कर्मी काम करना चाहते हैं, लिखकर दिया है
इंजीनियरिंग विंग के अफसरों की तरफ से लिखा गया लेटर इंप्लाइज के कंडक्ट ऑफ रूल्स की वॉयलेशन था। यह नैतिकता के खिलाफ है। इन कर्मचारियों को ऐसा नहीं करना चाहिए था। एमई मनदेव सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है और एसई डीके मंगला के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सरकार को लिख दिया है। इंजीनियरिंग विंग के बाकी सभी कर्मचारियों ने लिखकर दे दिया है कि वह काम करने के लिए तैयार है।
-राजेश जोगपाल, कमिश्नर, पंचकूला नगर निगम