चंडीगढ़,5 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । घनी धुंध के कारण हरियाणा में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया। धुंध के कारण सड़कों पर हादसे बढ़ गए हैं। सोमवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में हादसे हुए। चरखी दादरी में धुंध में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे सांतौर निवासी बाइक सवार पिता रणधीर व पुत्र पवन की मौत हो गई। दूसरा पुत्र उपदेश गंभीर हालत में रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया है। फतेहाबाद में भी धुंध के कारण डांगरा गांव के पास 4 वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए।
सिरसा के गांव माधोसिंघाना के पास भी सुबह 7:30 बजे बस व ट्रक की भिड़ंत हुई। हादसे में चालक व अन्य यात्रियों को आई मामूली चोटें आई हैं। वहीं, सिरसा के गांव केहरवाला स्थित निजी स्कूल की वैन पिकअप से टकरा गई। इसके कारण वैन का शीशा टूट गया। बच्चे बाल-बाल बचे। सिरसा में धुंध के कारण चार हादसे हुए। सक्ताखेड़ा-मसीतां रोड पर स्कूल बस व ट्रैक्टर में भिंड़त हो गई। बस चालक मौके से फरार हो गया। बस में कुल फरार हुआ। बस में सवार थे 25 बच्चे सवार थे।
गांव पनिहारी से जा रही लक्कड़ से भरी ट्रैक्टर ट्राली हंसपुर रोड पर नहर में जा गिरी, जिससे ड्राइवर को काफी गहरी चोट आई हैं। उसे नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह तड़के 3 बजे फतेहाबाद की मंडी में लकड़ी बेचने जा रहा था रास्ते में धुंध के कारण कुछ नजर न आने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और वह नहर में जा गिरा। वही नजदीक के लोगों ने उसे नहर से बाहर निकाला और नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया।
करनाल में अलग-अलग जगहों पर दर्जनों वाहन आपस में टकरा गए। बुटाना के पास धुंध में आठ गाड़ियां भिड़ गई, जिसमें 10 से 12 लोग जख्मी हो गए। घायलों को नीलोखेड़ी की सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। वहीं, करनाल-असंध रोड पर भी रोडवेज की बस भी पेड़ से टकरा गई, लेकिन गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। दोनों जगहों पर पुलिस ने पहुंचकर सड़क से क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाया। हादसों के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
वहीं, धुंध के कारण ट्रेनों व बसों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चल रही हैं। स्कूली बच्चों व आफिस जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।