सिरसा।,1 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के यौनशोषण मामले में जेल जाने के बाद डेरे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आयकर विभाग की अर्जी पर सिरसा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने जिला पुलिस को डेरा सच्चा सौदा से संबंधित तमाम दस्तावेजों की प्रतिलिपि आयकर विभाग को सौंपने के आदेश जारी किए हैं। सहायक निदेशक अन्वेषण दाताराम के नेतृत्व में आई टीम भी सुनवाई के दौरान मौजूद रही। सिरसा पुलिस अधीक्षक की निगरानी में ये सारी कार्यवाही की जाएगी। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर सिरसा डेरे में चले सर्च ऑपेरशन में बरामद दस्तावेज को सिरसा पुलिस ने बरामद किया था। राम रहीम की सुनवाई के दिन भडकी हिंसा के बाद से सिटी पुलिस ने डेरे से जुडे काफी सामान बरामद किए हैं और इन्हें सील भी कर दिया है। अब इन सील किए गए सामानों की जांच करने के लिए आयकर विभाग ने भी जोर लगाया है।आयकर विभाग की टीम ने चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट विजय जेम्स की कोर्ट में आवेनदन किया था जिसको स्वीकार करते हुए बरामद सामान को डी सील करने के आदेश दिए हैं। आयकर विभाग की टीम को बरामद सामान की कॉपी उपलब्ध करवाई जाएगी। गौरतलब है कि कोर्ट ने सिरसा पुलिस को आदेश जारी किये है कि टीम को बरामद सामान की कॉपी उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया को वे अपनी देख रेख में पूर्ण करें। सिटी पुलिस ने 25 अगस्त को हुए उपद्रव में करीब 695 मामले दर्ज किए थे। जिसमें जाँच के दौरान पुलिस ने कुछ इंडियन करंसी व कुछ फॉरेन करंसी के साथ-साथ एक लैपटॉप,हार्ड डिस्क, लगभग 92 पेन ड्राइव, 17 वीडियो और एक जूलरी बॉक्स भी बरामद किया था। इसके साथ साथ पुलिस ने डेरा से जुडी बैंक पास बुक, चेक बुक और हनीप्रीत के पासपोर्ट सहित बॉक्स बरामद किया था, जिसे पुलिस ने सील कर दिया था। पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश के बाद इन्कम टैक्स विभाग की टीम जाँच के लिए डी सील करना चाहती है। जिस पर कोर्ट ने सुनवाई कर जिला पुलिस को आदेश दिए है कि बरामद सामान की एक कॉपी आयकर विभाग की टीम को उपलब्ध करवाई जाए। वहीं आयकर विभाग के वकील आशीष सिंगला ने बताया कि आयकर विभाग की टीम ने जो कोर्ट में इन्कम टैक्स की तरफ से एप्लिकेशन लगाई थी उसपर कोर्ट ने परमिट कर दिए है कि जो भी परमिशन विभाग को चाहिए उसमे आगे वो कार्रवाई कर सकते हैं। जो हाई कोर्ट के आदेश है उस पर टीम आगे कार्रवाई करेगी। आशीष सिंगला ने कहा कि किस तरह से टीम जाँच करेगी इसपर वो कुछ नहीं कह सकते लेकिन जो टीम को परमिशन चाहिए थी वो कोर्ट से मिल गई है।