जींद, 07 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । अनाज मंडी के आढ़ती से लगभग साढ़े 4 करोड रुपये की धान खरीदकर राशि न लौटाने, राशि मांगने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देने पर शहर थाना पुलिस ने करनाल की फर्म के छह पदाधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में यानत, जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिव कालोनी निवासी आढ़ती रामभगत भारद्वाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगभग चार साल पहले उनका संपर्क निसिंग करनाल की केटीसी फूड प्राइवेट लिमिटेड फर्म से हुआ। फर्म ने एग्रीमेंट कर उनसे 43 हजार 754 बोरी धान की खरीदी। जिनकी कीमत चार करोड़ 48 लाख 38 हजार 844 थी। फर्म ने खरीदी गई धान का जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके फर्म ने ल बा समय बीत जाने के बाद भी राशि का भुगतान नहीं किया। जब उन्होंने बकाया राशि को लेकर फर्म पर दबाव बनाया तो उन्होंने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शहर थाना पुलिस ने आढ़ती रामभगत भारद्वाज की शिकायत पर केटीसी फूड प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सचिन सिंगला, उसकी पत्नी कार्तिका, चेयरमैन सुशील सिंगला, उसकी पत्नी मधुबाला, अंकित सिंगला तथा सुमित कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में यानत, बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।