सोनीपत । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को सोनीपत जिले की तीन विधानसभाओं में 11 जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान सोनीपत में मेडिकल कॉलेज, महिला विश्वविद्यालय, राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, डॉ. भीमराव बाबा साहेब के नाम से नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, निफ्टम यानी राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान और चौ. छोटू राम राजकीय कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग जैसे राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान आए। कांग्रेस सरकार के दौरान ही यहां उद्योगों ने रफ्तार पकड़ी व हज़ारों रोगगार पैदा हुए। लेकिन बीजेपी ने सोनीपत की जनता से वोट लकेर 10 साल उसके साथ सौतेला बर्ताव किया और विकास का एक भी कार्य नहीं किया। यहां तक कि कांग्रेस कार्यकाल में मंजूर हुई रेल कोच फैक्टरी को भी बीजेपी सरकार ने कैंसिल करवा दिया।
भाजपा के प्रदेश सचिव उमेश शर्मा कांग्रेस में हुए शामिल, हुड्डा ने किया स्वागत, बीजेपी ने सोनीपत से वोट लेकर 10 साल किया सौतेला बर्ताव : हुड्डा
हुड्डा ने लोगों से खरखौदा में कांग्रेस प्रत्याशी जयवीर वाल्मीकि, गोहाना में जगबीर सिंह मलिक और बरोदा में इंदूराज नरवाल के पक्ष में वोट की अपील की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश सचिव उमेश शर्मा, संदीप मलिक, प्रदीप मलिक, सतबीर, दीपक, हरिप्रकाश, अंकित और नरेंद्र समेत कई नेताओं ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस ज्वाइन की। हुड्डा ने उनका कांग्रेस में स्वागत किया और पूर्ण मान-सम्मान का भरोसा दिलाया। कैंपेन के दौरान हुड्डा के साथ सांसद पंडित सतपाल ब्रह्मचारी भी मौजूद रहे। सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि यदि आप हरियाणा को फिर से नंबर एक बनाना चाहते हैं तो कांग्रेस के हरेक प्रत्याशी को जिताकर विधानसभा में भेजें।
लोगों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा झूठ और जुमलों की सरकार है। भाजपा 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का झूठ बोलकर सत्ता में आई, लेकिन आय दोगुनी करना तो दूर की बात फसल की लागत दोगुनी कर दी। किसानों के कृषि उपकरणों पर भी टैक्स थोप दिया। भाजपा सरकार की तानाशाही की वजह से आंदोलन में 750 किसानों की शहादत हुई। हरियाणा उन शहादतों को भूलेगा नहीं और आने वाली 5 अक्टूबर को भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगा।
मेडिकल कॉलेज, महिला विश्वविद्यालय, राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, लॉ यूनिवर्सिटी, निफ्टम, इंजीनियरिंग कॉलेज कांग्रेस की देन : हुड्डा
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव में सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। भाजपा ने साजिश रचकर कई जगह वोट काटू उम्मीदवारों को खड़ा किया है। लेकिन इन वोट काटुओं से बचकर रहना और कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताकर विधानसभा में भेजना।
कांग्रेस सरकार बनते ही मौजूदा सरकार की लटकी पड़ी 25000 भर्तियों को पूरा किया जाएगा। कौशल रोजगार निगम में ठेके पर लगे कच्चे कर्मियों को पक्का किया जाएगा और उचित वेतन मिलेगा। साथ ही दो लाख युवाओं को पक्की नौकरियां दी जाएंगी, बुजुर्गों को 6 हजार रुपए बुढ़ापा पेंशन, प्रत्येक महिला को 2 हजार रुपए महीना मदद, किसानों को एमएसपी गारंटी कानून, कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम, 300 यूनिट बिजली फ्री, 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का काम किया जाएगा।
गोहाना से कांग्रेस प्रत्याशी जगबीर मलिक ने लोगों से वोट की अपील करते हुए बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान सोनीपत में हजारों करोड़ रुपए के काम हुए। कांग्रेस ने 850 करोड़ रुपए से भगत फूल सिंह विश्वविद्यालय बनवाया। आईएमटी खरखौदा मंजूर करवाकर प्रक्रिया शुरू करवाई। सोनीपत से जींद रेलवे लाइन बनवाई और गोहाना में जंक्शन भी बनवाया। सोनीपत को एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया। सोनीपत में रेल कोच फैक्ट्री मंजूर करवाई, लेकिन भाजपा ने इसे वाराणसी में पहुंचा दिया। इनके अलावा रेवाड़ी से पानीपत हाईवे पास करवाया, गांवों में करोड़ों रुपये ग्रांट दी, गरीबों को मकान व वजीफे दिए और हर घर पानी पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कांग्रसे सरकार के समय में ही किसानों को फसलों का सबसे ज्यादा भाव मिलता था।