पंचकूला,25 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : सेक्टर 4 स्थित एक मकान में बुधवार को आग लगने से घर के अंदर पड़ा सामान जल गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गनीमत यह रही कि समय रहते दमकल विभाग ने रसोई में रखा गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार मकान नंबर 1611 की प्रथम मंजिल सेक्टर 4 पर कमल कुमार किराये पर रहता है,। बुधवार वह कहीं पर गया हुआ था, तो अचानक घर के अंदर आग लग गई। आस-पास के लोगों ने घर से धुआं उठते देख कमल और दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर के अंदर रखा सोफा, मेज, बैड, दरवाजे, खिड़कियां, अलमारी, कपड़े सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया था। कमल कुमार के अनुसार आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग दूसरे कमरों में नहीं फैली, जिसके चलते उनमें पड़ा सामान बच गया। दमकल कर्मियों ने भारत गैस के दो सिलेंडर रसोई से सुरक्षित निकालकर बाहर पहुंचा दिए थे, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। उल्लेखनीय है कि सेक्टर 10 में हाल ही में एक गैस सिलेंडर ब्लॉस्ट के बाद घर गिर गया था, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई थी।