चंडीगढ़,25 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक मुंह पर पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे। इनेलो के सभी विधायकों ने पट्टी बांध रखी थी। उन्होंने मुंह पर लगी पट्टी पर लिखा हुआ है कि बोलना मना है। इनेलो विधायकों ने मंगलवार को विधानसभा में स्पीकर के साथ इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला की तीखी नोकझोंक के बाद यह कदम उठाया है।
आज सुबह विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने जब इनेलो के विधायक पहुंचे तो वहां गजब नजारा दिखा। विधानसभा में नेता विपक्ष अभय चौटाला सहित सभी इनेलो विधायाकों ने अपने मुंह पर पट्टी बांध रखी थी। पट्टी पर लिखा था- बोलना मना है। इनेलो विधायकों का आरोप है कि विधानसभा में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है और विपक्षी सदस्यों को बोलने नहीं दिया जा रहा है।
दरअसल, मंगलवार को सदन में स्पीकर कंवलपाल सिंह गुर्जर और इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला के बीच तीखी झ़ड़प हो गई थी। स्पीकर ने अभय चौटाला को बोलने से रोका तो वह भड़क गए थे। इसके बाद अभय चौटाला ने सदन में मौन रखने का एलान कर दिया। अब बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो सभी इनेलो विधायक सदन में बोलने की इजाजत नहीं दिए जाने पर विरोध जताने के लिए मुंह पर पट्टी बांध कर आए।