चंडीगढ़। हरियाणा में निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस चुनाव के दौरान यह दूसरा अवसर है जब किसी अधिकारी ने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दिया है। इससे पहले गुरुग्राम के भोंडसी में जेल अधीक्षक सुनील सांगवान ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। सांगवान भाजपा की टिकट पर दादरी से चुनाव लड़ रहे हैं।
इस बीच हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग में डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज के पद पर कार्यरत डॉ. कृष्ण कुमार ने मंगलवार की सुबह नौकरी से इस्तीफा दे दिया हैं। डॉ. कृष्ण कुमार के रेवाड़ी जिले की बावल सीट से चुनाव लडऩे की चर्चाएं हैं। यहां से मौजूदा विधायक और नायब सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल की टिकट खतरे में हैं। भाजपा ने पहली सूची में इस सीट को होल्ड पर रख दिया हैं। भाजपा की आज दूसरी सूची हो सकती है। जिसमें बावल सीट से भी प्रत्याशी की घोषणा होगी।
रेवाड़ी जिले की बावल सीट से चुनाव लडऩे की चर्चा
रेवाड़ी जिले के गांव भटेड़ा के रहने वाले डॉ. कृष्ण कुमार रेवाड़ी सहित प्रदेश के कई जिलों में सीएमओ के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। फिलहाल वह पंचकूला स्थित स्वास्थ्य विभाग में निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं के रूप में थी। डॉ. कृष्ण कुमार ने मंगलवार को नौकरी से इस्तीफा दे दिया हैं। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह कृष्ण कुमार को बावल सीट से टिकट दिलाने की पैरवी कर रहे हैं। इस्तीफा स्वीकार होते ही डॉ. कृष्ण कुमार बीजेपी जॉइन करेंगे। कृष्ण कुमार ने नौकरी से इस्तीफा देने की बात स्वीकार की हैं। बीजेपी में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि एक बार इस्तीफा स्वीकार हो जाए उसके बाद आगे की जानकारी देंगे।