अंबाला| पंजाब के हरमन प्यारे मुख्यमंत्री और सरदार भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने रविवार को नारायणगढ़ में बदलाव जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष गुरपाल सिंह, ओम प्रकाश गुज्जर, सुरेन्द्र सिंह राठी, करणवीर सिंह लौट, रणजीत उप्पल, रोहित जैन और लक्ष्मण विनायक मौजूद रहे। पंजाब के हरमन प्यारे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जब हमें ये पता चल गया कि 5 अक्टूबर को अपनी बच्चों की किस्मत का फैसला करना है तब मेरा नारायणगढ़ आना हुआ है। इसके लिए मैं भगवान को धन्यवाद देता हूं। हरियाणा के के तरफ दिल्ली है ताे दूसरी तरफ पंजाब है, बीच में हरियाणा है। दोनों जगह पर आम आदमी पार्टी की सरकार है। दोनों जगह पर ही बिजली फ्री है, अस्पताल खुल रहे हैं। लेकिन हरियाणा में क्यों नहीं बन रहे।
हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस, भाजपा और इनेलो को कई बार मौका दिया, लेकिन कुछ नहीं सुधरा
दिल्ली और पंजाब के लोगों ने नई पटरी बनाई, जहां डबल इंजन नहीं नया इंजन चलता है
पूरे देश में इंडस्ट्री को सबसे सस्ती बिजली देता है पंजाब
उन्होंने कहा हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस को कई बारी मौका दिया, भाजपा को कई बार मौका दिया, इनेलो को मौका दिया। लेकिन कुछ नहीं सुधरा। दिल्ली और पंजाब में भी ऐसे ही लूटते रहे तो लोगों ने एक नया रास्ता ढूंढा। फिर दिल्ली और पंजाब के लोगों ने ऐसी पटरी बनाई जहां डबल इंजन नहीं नया इंजन दौड़ता है। पंजाब में 2022 में हमें एक मौका दिया, 117 में से 92 सीटें जीती। पंजाब में और दिल्ली में स्कूल और अस्पताल अच्छे हो सकते हैं तो हरियाणा में भी हो सकते हैं। हरियाणा को डबल इंजन की नहीं नए इंजन की जरूरत है। हरियाणा में पिछले 78 साल से इन्होंने लोगों की परेशानी बढ़ाने का काम किया।
उन्होंने कहा कि ये शमशान घाट की दीवारें ऊंची करवाते हैं और आम आदमी पार्टी स्कूल में बेंच, वाटर कूलर और सोलर लगवाती है। नाराणगढ़ को जिला बनवा दो ताकि यही काम हो जाएं। आप अपने पंजाब के रिश्तेदारों से पूछ सकते हो, पंजाब में 45 हजार पक्की नौकरी देकर आपके सामने खड़ा हूं। किसी का भी एक रुपया लगा हो, किसी ने इसके बदले चाय ही पी हो तो आप पूछ सकते हो। एक घर में तीन तीन नौकरियां भी मिली हैं। इसलिए इस बार इनकी दुकानें बंद करनी हैं। दुनिया जीतने वाला सिकंदर भी खाली हाथ गया था।
उन्होंने कहा कि पैसे कमाने होते तो मैं कितने ही कमा लेता। लेकिन, हमारे गुरुओं ने लोगों के हक के लिए खड़े होने की शिक्षा दी है। हर चीज पैसे के लिए नहीं होती, अगर गुरुनानक देव जी दुकान खोल लेते तो सच्ची गुरुबाणी कौन लिखता और सज्जन ठग को कौन सुधारता। हलाल और हराम की रोटियां में फर्क कौन करता। हर काम पैसे के लिए नहीं होती लोगों के हक में खड़े होने का नजारा ही अलग होता है। पैसे हीरे मोती जितने मर्जी इकट्ठा कर लो लेकिन कफन पर जेब नहीं होती। इसलिए अपना अच्छा भविष्य बनाओ। अब आम आदमी पार्टी आपके पास तीसरा और मजबूत विकल्प है। आम आदमी पार्टी के बारे में पता कर लेना। जिन्होंने आपका भविष्य बनाना है उनको परखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि देश में इंडस्ट्री का सबसे सस्ती बिजली पंजाब दे रहा है। आम आदमी पार्टी सच्ची नियत के लोगों वाली सरकार है। चाहे आप लोग अपने रिश्तेदारों को फोन कर पूछ लो, पंजाब में 90 प्रतिशत घरों में बिजली का बिल जीरो आता है। दो साल हो चुके हैं। दिल्ली में भी बिजली फ्री मिल रही है। हरियाणा में फ्री क्यों नहीं हो सकती? अपने बच्चों को पढ़ाने का काम करो। कोई नीला और पीला कार्ड आपकी गरीबी दूर नहीं करेगा, आप के बच्चे पढ़ लिखकर अफसर बनकर गरीबी दूर करेंगे। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में सरकारी स्कूलों को सुधार दिया, अब हरियाणा की बारी है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पहुंचकर आप लोगों ने बदलाव का संदेश देने का काम किया है। अब हरियाणा में बदलाव का वक्त आ गया है। हरियाणा में भी दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। आप लोगों ने सभी सरकारों को वोट देकर देखा है। इसलिए अब अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की सरकार बनानी है। दिल्ली और पंजाब के बाद अब हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। इस बाद आम जनता की सरकार बनेगी।