चंडीगढ़। राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने हरियाणा व पंजाब में कई जगह छापे मकारकर सोनीपत से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और कई स्थानों से भारी मात्रा में कंप्यूटर, लैपटॉप व मोबाइल आदि जब्त किए हैं। एनआईए की टीम को पंजाब में कार्रवाई के दौरान विरोध का सामना भी करना पड़ा। एनआईए ने यह पूरी कार्रवाई नक्सलवाद भर्ती को लेकर की है।
एनआईए की टीम ने शुक्रवार की सुबह सोनीपत में वर्धमान गार्डेनिया टावर रायपुर में कम्युनिस्ट नेता पंकज त्यागी के घर छापा मारा। यहां टीम ने घर से कुछ जरूरी दस्तावेज और फोन कब्जे में लेने के साथ पंकज त्यागी को हिरासत में ले लिया। घर से बाहर निकलते वक्त पंकज त्यागी ने मीडिया से कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हृढ्ढ्र ने केस दर्ज किया है। सच बोलने पर मामला दर्ज हुआ है। पूरे मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस बीच पंजाब के बठिंडा में महिला किसान नेता सुखविंदर कौर खंडी के घर एनआईए ने छापा मारकर जांच की। कस्बा रामपुरा फूल स्थित सराभा नगर में भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी की महिला नेता सुखविंदर कौर खंडी के घर सुबह पांच बजे टीम पहुंची। रेड की सूचना पर किसान यूनियन क्रांतिकारी के नेता भडक़ गए। वह जाम लगाकर धरने पर बैठ गए हैं। यूनियन ने कहा कि जब तक रेड के कारणों को नहीं बताया जाएगा, तब तक किसी को नहीं जाने दिया जाएगा।
किसान यूनियन के जिला प्रधान पुरुषोत्तम महाराज ने बताया घर में 85 साल के बुजुर्ग भी हैं। घर से न किसी को बाहर जाने दिया। न ही किसी को फोन करने दिया गया। यहां तक की सेवादार को भी घर में जाने नहीं दिया। जैसे ही उन्हें इस बारे में पता चला तो वह यहां पहुंचे। किसान नेताओं ने बताया कि जब उन्होंने एसएचओ से पूछा कि यह कार्रवाई क्यों हो रही है तो उन्होंने बताया कि कुछ मेल एनआईए को गई थी। जिसमें फेसबुक और इंस्टाग्राम के बारे में बताया गया। यहां काफी देर हंगामे के चलते भारी पुलिस बल ने एनआईए की टीम को बाहर निकाला
इस बीच एनआईए की एक टीम ने पंजाब के मोहाली स्थित नया गांव में वकील के छापा मारा। यहां से एनआईए ने मोबाइल फोन, लैपटॉप व अन्य सामान अपने कब्जे में लिया। उक्त महिला वकील माओवादी नेताओं के केस लड़ रही हैं। जिसके चलते वह उनके संपर्क में हैं। नया गांव में एनआईए के छापे की खबर सुनते ही हाईकोर्ट के कई वकील मौके पर पहुंच गए, लेकिन उन्होंने एनआईए की टीम से बातचीत के बाद कुछ नहीं कहा।