चंडीगढ़ । हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम द्वारा आज करनाल जिला में कार्यरत हेड कांस्टेबल संदीप को ₹20000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से करनाल के 32/33 पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में से नाम निकालने के बदले में रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता का नाम एफआईआर में से निकालने के बदले में की जा रही थी रिश्वत की मांग
इस बारे में जानकारी देते हुए सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि एसीबी की टीम को शिकायत प्राप्त हुई कि करनाल के सेक्टर -32/33 पुलिस थाने में कार्यरत हेड कांस्टेबल संदीप द्वारा शिकायतकर्ता का नाम थाने में दर्ज एफआईआर में से निकालने के बदले में ₹20000 की रिश्वत की मांग की जा रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो करनाल की टीम ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई। इस मामले में एसीबी की टीम ने आरोपी संदीप को ₹20000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो करनाल पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई है।