पंचकूला,23 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) : पंचकूला में दंगे, आगजनी और देशद्रोह के आरोप में अंबाला जेल में बंद हनीप्रीत को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। बचाव पक्ष की ओर से वकील विशाल गर्ग नरवाना ने बताया कि कोर्ट में हनीप्रीत बिल्कुल ठीक नजर आ रही थी। पुलिस की ओर से कहा गया कि हनीप्रीत की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी जाए। जिसके बाद उनकी 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है। हनीप्रीत को 13 अक्तूबर को 9 दिन के रिमांड पर अंबाला जेल भेज दिया गया है। पुलिस 38 दिनों तक हनीप्रीत को ढूंढ़ती रही थी लेकिन वह निजी न्यूज चैनल पर इंटरव्यू देने के बाद पुलिस के हाथ लगी थी। पुलिस ने हनीप्रीत को जीरकपुर से एक इनोवा कार में सुखदीप कौर निवासी बठिंडा के साथ गिरफ्तार किया था। सुखदीप कौर की भी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है।