चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कि वर्ष 2019 के पिछले संकल्प पत्र को भाजपा ने पूरा किया है और आगामी जो संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा, उसे भी पूरा करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष झूठ का सहारा लेता है। विपक्ष की सिर्फ घोषणा होती है, वह भी पूरी नहीं होती है। विपक्ष झूठ का सहारा लेकर घोषणाएं करता है, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए उनके पास कोई विजन नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी संकल्प पत्र कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि भाजपा जन सुझावों के साथ संकल्प पत्र तैयार करेगी। सभी 22 जिलों के भाजपा कार्यालयों में सुझाव पेटी रखी जाएगी। यही नहीं संकल्प पत्र के लिए मैसेज भेजकर भी आमजन सुझाव दे सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प पत्र है, उसको हम पूरा करते हैं। भाजपा ने सभी संकल्प को पूरा किया है तथा हरियाणा का और तेज गति से समाधान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। संकल्प कमेटी की दूसरी बैठक 29 अगस्त को होगी, जिसमें सुझावों की छंटनी की जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई बैठक में घोषणा पत्र कमेटी की बैठक में वर्ष 2024 विधानसभा चुनावों को लेकर तैयार किए जाने वाले संकल्प पत्र को लेकर मंथन हुआ। घोषणा पत्र की पहली बैठक में राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ सहित सभी सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने संकल्प पत्र को तैयार करने की रणनीति तैयार की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने संकल्प पत्र वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
संसद में किरण चौधरी उठाएंगी हरियाणा के मुद्दों की आवाज : नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर किरण चौधरी ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा के सभी विधायकों के साथ जजपा व निर्दलीय विधायकों ने समर्थन दिया है। किरण चौधरी वरिष्ठ नेता हैं, जिनका राजनीति का लंबा अनुभव हैं और वे हरियाणा के मुद्दों से भलीभांति परिचित हैं। अब संसद में पहुंचने के बाद किरण चौधरी हरियाणा के मुद्दों व समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगी और उनका समाधान कराने में योगदान देंगी। किरण चौधरी के लंबे अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। वहीं हरियाणा विधानसभा को भंग करने के सवाल पर नायब सैनी ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। चार अक्टूबर को नतीजे जाएंगे, ऐसे में हरियाणा विधानसभा भंग करने का कोई औचित्य नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने रणजीत चौटाला के बगावती सुर पर पूछे गए सवाल पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना कहा कि रणजीत चौटाला को भाजपा ने लोकसभा चुनाव लड़वाया है और वे सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। अल्पमत को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पहले अपना घर झांक कर देखेग। भाजपा की जीत तय है क्योंकि भाजपा मिशन को लेकर काम कर रही है। भाजपा की नीति व नियत स्पष्ट है और नेतृत्व मजबूत है, जबकि कांग्रेस बिखरी हुई है।