गुरुग्राम। वर्षों से लम्बित पड़ी अपनी मांगों को पूरा करने के लिए मंगलवार को आॅल नर्सिंग आफिसर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के बैनर तले गुरुग्राम जिला के सभी नागरिक अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी, एसडीएच में नर्सिंग आफिसर्स ने एकजुटता दिखाई। सभी ने ब्लैक बैज लगाकर स्वास्थ्य विभाग, सरकार से अपनी मांगें पूरी करने की गुहार लगाई।
(SUBHEAD)
आल नर्सिंग आफिसर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के बैनर तले यहां नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में ब्लैक बैज लगाकर एकजुट हुईं नर्सिंग आफिसर्स ने अपनी मांगों की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के समान नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपये किया जाए। साथ ही उन्हें गु्रप-सी से गु्रप-बी में शामिल किया जाए। वर्षों से एसोसिएशन इन मांगों को सरकार के समक्ष रख रही है, लेकिन आज तक इन पर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और ना ही ठोस जवाब दिया है। इसे लेकर हरियाणा के नर्सिंग आॅफिसर्स में रोष है। नर्सिंग आफिसर्स ने यह भी कहा कि वैसे तो उन्हें अस्पतालों की रीढ़ कहा जाता है, लेकिन उनकी मांगों को मानने के लिए स्वास्थ्य विभाग, सरकार कुछ नहीं कर रहे। सिर्फ दो ही मांगों को लेकर वे वर्षों से अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे हैं। सरकार तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं। जिस जिम्मेदारी से नर्सिंग आफिसर्स काम करती हैं, उस तरह की जिम्मेदारी सरकार को भी निभानी चाहिए। पहले जहां नर्सिंग आॅफिसर्स का काम सिर्फ मरीजों के उपचार तक सीमित था, अब उनका काम और अधिक बढ़ा दिया गया है। उपचार करने के अन्य कार्यों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जाती है। नर्सिंग आफिसर्स उपचार के अलावा बाकी कामों में भी अपनी भरपूर योगदान देती हैं। नर्सिंग आफिसर्स से उम्मीदें तो बहुत जताई जाती हैं, लेकिन उनकी उम्मीदों को दरकिनार किया जाता है।
(MOREPIC1)
ब्लैक बैज लगाकर अपनी मांगों को उठाते हुए नर्सिंग आफिसर्स ने कहा कि सरकार इस सांकेतिक विरोध को देखते हुए उनकी दो प्रमुख मांगों को 28 जुलाई से पूरा करे। ऐसा नहीं किया जाता है तो 28 जुलाई को प्रस्तावित करनाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। प्रदेशभर से नर्सिंग आफिसर्स करनाल पहुंचेंगी।
आल नर्सिंग आफिसर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की ओर से यह जानकारी दी गई कि मंगलवार को पूरे प्रदेश के छोटे-बड़े सरकारी अस्पतालों में ब्लैक बैज लगाकर नर्सिंग आफिसर्स ने विरोध जाहिर किया। शत-प्रतिशत नर्सिंग आफिसर्स की इसमें भागीदारी रही। अब 28 जुलाई को करनाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करके ऐसी ही एकजुटता नर्सिंग आफिसर्स दिखाएंगी।