चंडीगढ़। हरियाणा के अंबाला में एक पूर्व सैनिक ने जमीनी विवाद के चलते अपनी मां व भाई समेत पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया जबकि पिता व भतीजी को बुरी तरह से घायल कर दिया। आरोपी परिवार के सभी सदस्यों की मारने की नियत से आया था। आरोपी ने पिता को भी मारने का प्रयास किया लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होकर बच गए। घटना रविवार की रात अंबाला जिला के अंतर्गत आते नारायणगढ़ थाना के अंतर्गत गांव रतोर में हुई है।
आरोपी ने अपने परिजनों की हत्या करने के बाद आधी रात में ही शवों को जलाने का भी प्रयास किया। अल सुबह तीन बजे भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अधजले शवों को अपने कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रतोर गांव निवासी पूर्व सैनिक भूषण कुमार का अपने भाई के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। इस विवाद में आरोपी यह मानता था कि उसके माता-पिता भाई का पक्ष ले रहे हैं। इस रंजिश के चलते आरोपी ने बीती रात गांव के बाहर बनी ढाणी में सो रहे परिजनों को तेजधार हथियार से काट दिया।
(SUBHEAD)
मरने वालों में आरोपी की मां, उसका भाई, भाई की पत्नी और इनके 2 बच्चे शामिल हैं। इनकी पहचान हरीश कुमार (35), उसकी पत्नी सोनिया (32), मां सरोपी देवी (65), हरीश की बेटी यशिका (5) और 6 माह का बेटा मयंक के रूप में हुई है। प्राथमिक सूचना के मुताबिक, आरोपी रिटायर्ड फौजी भूषण कुमार ने वारदात को अंजाम देने के बाद रात को ही शवों को जलाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर अंबाला एसपी सुरेंद्र कुमार ने रात को ही करीब 3 बजे घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अधजले शवों को अंबाला कैंट अस्पताल पहुंचाया।
अंबाला के एसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के पिता ओम प्रकाश ने वारदात का विरोध किया तो आरोपी ने पिता को भी पीट कर घायल कर दिया। अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि सेवानिवृत्त सैनिक का अपने भाई के साथ 2 एकड़ जमीन पर रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुके है। आरोपी उसी की रंजिश रखे हुआ था। आरोपी के घायल पिता ओम प्रकाश नारायणगढ़ के सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि मृतक की एक घायल बेटी को चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रिटायर्ड फौजी मौके से फरार हो गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।