चंडीगढ़ | स्वास्थ्य विभाग हरियाणा में कार्यरत नर्सिंग कैडर पिछले कई वर्षों से विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने सभी जिला प्रधानों से विचार विमर्श करके सरकार के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। राज्य प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि यह आंदोलन उनके अधिकारों और मांगों के प्रति सरकार के उदासीन रवैये के खिलाफ एक सख्त संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आगामी 25 जुलाई को दो घंटे के लिए हड़ताल की जाएगी। नर्सिंग एसोसिएशन की मुख्य मांगों में केंद्र के समान नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपये दिए जाएं। नर्सिंग कैडर को केंद्र के समान ग्रुप-सी से ग्रुप-बी में शामिल किया जाए। जिससे उनको यथोचित सम्मान मिले। नर्सिंग कैडर की डीजीएचएस कार्यालय में डिप्टी डायरेक्टर नर्सिंग की पोस्ट को अति शीघ्र भरा जाए। उपरोक्त मांगें सरकार द्वारा अनेकों वर्षों से न मानने पर पूरे हरियाणा का नर्सिंग स्टॉफ 23 जुलाई, 24 जुलाई को काले बिल्ले लगाकर रोष प्रदर्शन एवं 25 जुलाई को 09 से 11 बजे तक दो घंटे की हड़ताल और 25 जुलाई की शाम को स्टेट कार्यकारिणी की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। जिसमें सीएम आवास घेराव की योजना व पूरे हरियाणा में पूर्ण हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा। यूनियन राज्य प्रधान एवं पूरी स्टेट कार्यकारिणी ने आंदोलन की घोषणा करते हुए कहा कि हमारे अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष आवश्यक है। सरकार की उदासीन रवैये से पूरा नर्सिंग अमला में रोष व्याप्त है। डिमांड की फाइल्स कार्यालय में धूल फांक रही है। डीजीएचएस कार्यालय द्वारा बार-बार अपनी डिमांड के लिए जाने पर डिमांड की फाइल भी नहीं दिखाई जाती है। जिससे मजबूर होकर आंदोलन की राह पकडऩी पड़ रही है। बैठक में संस्थापक सदस्य सुशीला कौशिक, वाइस प्रेसिडेंट मंजू कोचर, सुमन पोरिया, सुदेश मलिक, विकास यादव, राज्य महासचिव योगेश शर्मा, संयुक्त सचिव संतोष शर्मा, निशा जंग, रूबी मोर, राज्य कोषाध्यक्ष सुमन कुंडू, राज्य प्रैस सचिव सोहन चहल व जिला प्रधान सोनीपत मेमरानी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुनील खत्री, सुदेश हुड्डा, बबीता दहिया, अंजू चाहर, राजकुमार भारद्वाज, महेन्द्र कौर, रामफल, संदीप चाहर, प्रदीप शर्मा, शंकर, आशीष कीच्ची सभी सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।