चंडीगढ़। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे। सबसे पहले वे केंद्रीय मंत्री व हरियाणा के विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के अलावा पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को लेकर नई दिल्ली में विचार-विमर्श चल रहा है। इसी कड़ी में सीएम का दिल्ली जाना हुआ। उनकी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात हुई। नायब सिंह सैनी ने पूर्व सीएम और केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल से भी मुलाकात की।
हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं की लगातार बैठकें चल रही हैं। पिछले दिनों पार्टी नेतृत्व ने हरियाणा मामलों के प्रभारी पद पर राजस्थान के डॉ़ सतीश पूनिया की नियुक्ति की। उनसे पहले त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देव हरियाणा के प्रभारी थे। सतीश पूनिया का 10 जुलाई को रोहतक आने का कार्यक्रम है। वे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे ताकि चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जा सके।