चंडीगढ़ । अमृतसर-दिल्ली रेलवे पर करनाल के निकट मंगलवार की सुबह चलती हुई मालगाड़ी से करीब आठ कंटनेर रेलवे ट्रैक पर गिर गई। जिससे रेलवे ट्रैक व बिजली की लाइन को नुकसान पहुंचा है। करनाल के तरावड़ी के निट यह हादसा होने के बाद दिल्ली-अमृतसर के बीच चलने वाली दो गाडिय़ों को डायवर्ट कर दिया गया जबकि कई यात्री व माल गाडिय़ों को रद्द करना पड़ा। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर जंच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह चार बजे डाउन ट्रैक अंबाला से दिल्ली की ओर खाली कंटेनरों से लदी मालगाड़ी जा रही थी। जब मालगाड़ी तरावड़ी रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी तो मालगाड़ी की पिछली बोगी के पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए। मालगाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रैक से पहिए उतरने के बाद भी ट्रेन करीब डेढ़ किलोमीटर बाद रुकी।
सूचना पाकर जीआरपी तथा रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। कंटेनरों को ट्रैक से हटाने का काम किया जा रहा है। सूचना यह भी है कि मालगाड़ी के पिछले पहिये डिरेल हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक्सल टूटने के कारण यह हादसा हुआ है। झटके लगने के बाद मालगाड़ी से कंटेनर नीचे जा गिरे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पहले एक लाइन चालू की जाएगी। जिससे ट्रेनों का संचालन शुरू हो सके। इसके बाद दूसरी लाइन पर काम किया जाएगा। रेलवे पुलिस फोर्स के इंस्पेक्टर दिनेश मीणा ने बताया कि करीब 3 किलोमीटर का ट्रैक डैमेज हुआ है। 6 पहिये डिरेल हुए हैं। पहले एक लाइन को चालू किया जाएगा। जिससे ट्रेनों की मूवमेंट शुरू हो जाएगी। साथ ही दूसरी लाइन को भी ठीक कर लिया जाएगा। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। कोशिश है कि यह काम जल्दी से जल्दी किया जाए ताकि लोगों को परेशानी न आए।