चंडीगढ़। हरियाणा रेडक्रास के राज्य महासचिव डॉ. मुकेश अग्रवाल ने कहा कि प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण से बहुमूल्य जिंदगी को बचाया जा सकता है। सीपीआर प्रशिक्षण लेकर हरियाणा के विभिन्न स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों सहित आम जन को प्राथमिक सहायता व गृह परिचर्या में हुए सुधार के बारे में जागरूक कर मानव सेवा के कल्याण हेतु कार्य करेंगे।
राज्य महासचिव यूथ हॉस्टल मंसूरी में आयोजित चार दिवसीय प्राथमिक सहायता एवं गृह परिचर्या रिफ्रेशर प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। डॉ. अग्रवाल ने रैड क्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी डुनांट, युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित किए।l
डॉ. मुकेश अग्रवाल ने प्रतिभागियों को अवगत कराया कि हरियाणा रेड क्रॉस द्वारा 25 जुलाई से 9 सितंबर 2023 तक सीपीआर जागरूकता अभियान चलाया गया जिसमें हरियाणा प्रदेश के विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों, विद्यालयों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के 66124 लोगों को सीपीआर तकनीक के बारे में जागरूक किया गयाl इस अभियान के दौरान लोगों को यह बताया गया दिल का दौरा पड़ने पर यदि किसी भी व्यक्ति की सांस और दिल की धड़कन बंद हो जाती है तो उस व्यक्ति को सी.पी.आर देकर प्रकार बचाया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दें। वर्ष 2022 में हरियाणा प्रदेश में 100 बार रक्तदान करने वाले 57 शतक वीरों को सम्मानित किया गया। विश्व रक्तदाता दिवस 2024 में 83 महिलाएं जिन्होंने 10 बार से ज्यादा रक्तदान दिया उनको भी सम्मानित किया गया तथा रक्तदान के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाली 101 सेवा संस्थाओं को भी राज्यपाल ने सम्मानित किया था।
कैंप निदेशक संजीव धीमान ने बताया कि हरियाणा प्रदेश के 19 जिलों से आए हुए कुल 43 प्रतिभागियों द्वारा इस शिविर में ज्ञान अर्जित किया गया। मुख्यातिथि डॉ. मुकेश अग्रवाल ने सभी मास्टर ट्रेनर को स्मृति चिन्ह के द्वारा सम्मानित किया किया और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर सहायक कैंप निदेशक अनिल कुमार, राज्य मास्टर ट्रेनर चंद्रपाल, चंद्र मोहन, रंजीत, विद्या देवी आदि उपस्थित रहे।