चंडीगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर हरियाणा में गरीब परिवारों के अपने घर के सपने को पूरा करते हुए सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना चलाई है। इस योजना के तहत आज 15,250 लाभार्थियों को प्लॉट आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए गए हैं। रोहतक में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और उन्होंने लाभार्थियों को मौके पर प्लॉट आवंटन पत्र वितरित किए हैं। इसके अलावा, चार अन्य स्थानों नामत: यमुनानगर, पलवल, सिरसा और महेंद्रगढ़ में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर नायब सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह प्रधानमंत्री और हमारी डबल इंजन सरकार की गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली और उनका सपना पूरा करने वाली एक पहल है। नायब सिंह ने कहा कि पूर्व की सरकार ने गरीब लोगों को प्लॉट तो दिखा दिए थे, लेकिन न उन्हें प्लॉट दिया, न ही कोई कागज दिया।
अधिकारियों को यह निर्देश दिए जा चुके हैं कि अगर कोई पात्र लाभार्थी लाभ लेने से वंचित रह गया है या कोई और नागरिक भी इस योजना का लाभ लेना चाहता है तो इसके लिए एक पोर्टल विकसित किया जाए, ताकि लोग लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकें। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही एक लाख से अधिक श्रम विभाग के पात्र लाभार्थियों को भी विभिन्न योजनाओं के तहत 80 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है।
इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत प्लॉट आवंटन पत्र मिलने वाले लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत जिन परिवारों की आय 1.80 लाख रुपये वार्षिक से कम है, उन्होंने आवेदन किया था और आज मुख्यमंत्री ने ऐसे पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया है।