चंडीगढ़। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान पीएमश्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के लिए क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित होगी। वहीं छुटि्टयों के बीच में कार्यशाला आयोजन का हसला ने विरोध जताते हुए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद निदेशक को पत्र लिखकर कार्यशाला की समीक्षा करने की मांग की है।
केंद्र सरकार के स्कूल शिक्षा और सारक्षता विभाग की ओर से व्यक्तिगत क्षमता निर्माण कार्यशाला के तहत पीएमश्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों व शिक्षकों के क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजन के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजन का शेड्यूल तैयार किया है। एससीईआरटी गुरुग्राम में 27 से 29 जून तक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मास्टर ट्रेन हिस्सा लेंगे, वहीं स्कूल शिक्षक और प्रधानाचार्य वर्चुअल तौर पर कार्यशाला में शामिल होंगे।
(SUBHEAD)
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद निदेशक की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारी और जिला प्रोजेक्ट समन्वयकों को पत्र लिखकर निर्देश जारी किए हैं कि पीएमश्री स्कूलों के प्राचार्य व शिक्षक जो एससीईआरटी गुरुग्राम में आयोजित कार्यशाला में हिस्सा नहीं ले सकते हैं, वे ब्लाक स्तर पर स्कूल में आनलाइन कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। एक बैच में प्रतिभागियों की संख्या 60 रहेगी, यदि इससे ज्यादा संख्या होगी, तो दो बैच बनाए जाएंगे। जिला परियोजना समन्वयक सभी पीएम श्री स्कूलों के लिए वर्चुअल मोड में इस कार्यशाला के संचालन का प्रभारी होगा। ब्लॉक स्तर पर इस कार्यशाला के सुचारू संचालन के लिए संबंधित बीआरसी (ब्लॉक समन्वयक) होंगे। कार्यशाला के लिए इंटरनेट एवं स्मार्ट बोर्ड/टीवी की व्यवस्था ब्लॉक स्तरीय समन्वयक द्वारा की जानी चाहिए।