चंडीगढ़। हरियाणा के वन एवं वन्य जीव राज्यमंत्री संजय सिंह ने कहा कि मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में अधिक से अधिक लोगों को पेड़ लगाने के लिए वन विभाग की ओर से ही जागरूक किया जाएगा, ताकि विभाग का पौधरोपण का लक्ष्य पूरा हो सके। पेड़ लगाने के साथ-साथ उसकी देखरेख करना भी जरूरी है। पौधरोपण के अभियान को सिरे चढ़ाने में वन मित्र कारगर साबित होंगे। प्रदेश में अभी तक वन मित्रों के लिए 27 हजार लोगों ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है।
मंत्री संजय सिंह मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय कार्यालय में वन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौधरोपण के लिए सामाजिक व धार्मिक संगठानों का भी सहयोग लिया जाएगा। स्कूल व कालेजों को भी पौधरोपण के अभियान से जोड़ा जाएगा। इसी तरह से लोगों को भी प्रेरित किया जाएगा कि वे कम से कम एक पौधा गोद लेकर उसकी देखरेख करें। उन्होंने बताया कि नर्सरी से पौधों के मुफ्त वितरण के लिए ई-पौधशाला मोबाइल एप शुरू किया गया है, ताकि लोगों को पौधे में सहूलियत मिल सके। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, प्रधान मुख्य वन संरक्षक पंकज गोयल व अधिकारी मौजूद रहे।