हिसार | जिले के कस्बा हांसी में पार्क में घूमने गए नवदपंति की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। अचानक पार्क में इस तरह हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। युवक व युवती ने कुछ दिन पहले ही प्रेम विवाह किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हांसी के लाला हुकम चंद जैन पार्क में सोमवार सुबह लोग घूमने आए हुए थे। इनमें एक नवदपंति भी था, जिसने कुछ दिन पहले ही घर से भागकर शादी की थी। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग साढ़े नौ बजे पार्क में घूम रहे युवक व युवती पर बाइक सवार दो बदमाशों ने सात से आठ राउंड फायरिंग की तथा मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पार्क को खाली करवाया और अपने कब्जे में ले लिया है। मृतकों की पहचान होने के बाद घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दे दी गई। बताया जा रहा है कि नजदीकी गांव सुल्तानपुर निवासी युवती मीना व बडाला निवासी तेजबीर सिंह ने करीब दो माह पहले परिवार की सहमति के बिना प्रेम विवाह किया था। तेजबीर नोएडा की एक कंपनी में काम करता था। सुबह जब दोनों पार्क में घूमने आए तो बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। सात से आठ राउंड फायरिंग करने की बात सामने आई है तथा मृतकों के पास एक चाबी भी पड़ी मिली है। कितने राउंड फायरिंग हुई तथा किसे कितनी गोली लगी और हत्या किसने व क्यों की। इसका खुलासा पोस्टमार्टम व जांच के बाद ही हो पाएगा। इस दौरान पुलिस एसएफएल की टीम के साथ मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मुआयना कर शवों को कब्जे में लिया। हत्याकांड को फिलहाल ऑनर किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।