चंडीगढ़।आयुष विभाग तथा हरियाणा योग आयोग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी 21 जिला मुख्यालयों पर जहां योग दिवस समाराहों का आयोजन किया जाएगा वहीं हिसार में इस बार राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ.जयदीप आर्य ने बुधवार को जारी जानकारी में बताया कि प्रदेश भर में अलग-अलग चरणों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन पूरा हो चुका है।
डॉ.जयदीप आर्य के अनुसार 21 जून को प्रदेश में जिला मुख्यालय तथा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों के अलावा 121 ब्लाकों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में भी योग दिवस कार्यक्रमों की धूम रहने वाली है। वहीं प्रदेश के करीब 400 कालेजों, दस सरकारी विश्वविद्यालयों, 25 निजी विश्वविद्यालयों तथा एक केंद्रीय विश्वविद्यालय में योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा योग आयोग के माध्यम से 21 जून को होने वाले आयोजन में जहां ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रहने वाले हर आयु वर्ग के लोग शामिल होंगे वहीं देश की सीमाओं पर रक्षा करने वाले सेना व अद्र्धसैनिक बलों के जवान भी इसका हिस्सा बनने जा रहे हैं।
योग आयोग के माध्यम से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सोनीपत जिला के केवड़ा स्थित प्रशिक्षण केंद्र, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के पंचकूला स्थित भानू तथा सेना की पश्चिमी कमान के मुख्यालय चंडीमंदिर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन किए जाएंगे। इस अवसर पर आईटीबीपी के जवानों द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला जल योग तथा घोड़ों पर बैठकर योग करने की मुद्राएं समूचे हरियाणा वासियों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
(SUBHEAD)
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 714 व्यायामशालाओं का सफल संचालन शुरू हो चुका है। इनमें 877 योग सहायकों द्वारा ग्रामीण अंचल के हजारों लोगों को योग के साथ जोडक़र उनके जीवन में बदलाव में किया जा रहा है। प्रदेश के स्कूलों, कालेजों तथा विश्वविद्यालयों के अलावा 14 हजार स्कूलों में योग क्लब का गठन किया गया है। शिक्षण संस्थान में शारीरिक शिक्षा के अध्यापक अथवा योग में रूचि रखने वाले अध्यापक को इस क्लब का मुखिया बनाया गया है।
हरियाणा प्रदेश में जहां अगले वर्ष से पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए योग का एक पीरियड निर्धारित किया जाएगा वहीं अन्य विषयों की तरह योग से संबंधित भी एक परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए हरियाणा योग आयोग, शिक्षा विभाग, एससीईआरटी तथा हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा लगातार मंथन करके पाठयक्रम तैयार किया जा रहा है। इससे पहले प्रदेश के स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान पांच मिनट के लिए योगा को अनिवार्य किया जा चुका है।