हिसार। छोटी खाटू नगरी के नाम से प्रसिद्ध हांसी में चल रहे 52वें श्याम महोत्सव में श्री श्याम बाबा का महालक्ष्मी श्रृंगार किया गया। महालक्ष्मी श्रृंगार में श्याम बाबा का 50 लाख रुपए के नोटों से बनाई गई मालाओं से श्रृंगार किया गया है। इन मालाओं में 10 रुपए से लेकर 500 रुपए के नोटों का प्रयोग किया गया है और नोटों की गड्डियों को भी साथ में रखा गया है।
श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट संस्था ने शनिवार को कहा कि हांसी में ऐसा दूसरी बार हुआ जब श्याम बाबा का नोटों की मालाओं से महा लक्ष्मी श्रृंगार किया गया है। इससे पहले 51वें महोत्सव में भी बाबा का 20 लाख रुपए के नोटों से श्रृंगार किया गया था, वहीं शाम को शोभा रथ यात्रा निकाली गई। शोभा रथयात्रा मंदिर परिसर से शुरू हो कर शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस मंदिर पहुंची।
52वें श्री श्याम महोत्सव की शुरुआत गत रविवार को अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर की गई थी और यह महोत्सव 16 जून तक चलेगा। इसी महोत्सव के चलते संस्था द्वारा श्याम बाबा का यह महालक्ष्मी श्रृंगार किया गया है। इसके लिए करीब 20 लाख रुपए के नोट खर्च हुए हैं, जिन्हें अलग-अलग बैंकों से एकत्रित किया गया। लक्ष्मी श्रृंगार में 10, 20, 50, 100 व 500 रुपए के नोट लगाए गए हैं और बाबा के श्रृंगार के लिए बनाई गई मालाओं को बनाने के लिए दिल्ली से आए कारीगरों को 20 दिन लगे हैं।
श्री श्याम महोत्सव के दिनों में दिल्ली, मद्रास, बैंगलुरु, कोलकाता व थाईलैंड से मंगवाए गए फूलों से श्रृंगार किया गया। महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है, जिसमें कुबेर श्रृंगार, महा लक्ष्मी श्रृंगार हो चुका है। तथा अब कलकत्ता से मंगवाए गए स्पेशल मेवे का श्रृंगार किया जाएगा।
श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश राय मितल ने बताया कि 15 जून को रात को पीसीएसडी स्कूल के ग्राउंड में श्री श्याम बाबा का विशाल जागरण होगा और 16 जून रविवार शाम को एक शाम सांवरे के नाम से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्याम महोत्सव को लेकर पूरे शहर को सुंदर लाइटों से सजाया गया है। वहीं श्याम मंदिर रोड तथा मंदिर भवन पर कोलकाता की लाइटों से विशेष सजावट की गई है।
यात्रा के दौरान प्रधान जगदीश राय मित्तल, विनय जैन, भागवत स्वरूप सिंगल, अजय कंबीरी, महेन्द्र गर्ग, गौरव जैन, राघव गोयल (प्रवक्ता ), लछमी कांत गर्ग, पप्पू खरड़िया, सुनील मित्तल, मोहित मित्तल, अनिल गोयल सहित काफी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।