चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध में संलिप्त मोबाइल नंबरों को ब्लॉक करने में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के अनुसार 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 अप्रैल 2024 तक देश भर में साइबर अपराध में शामिल कुल 5 लाख 46 हजार मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए जिनमें से 1 लाख 11 हजार मोबाइल नंबर हरियाणा पुलिस द्वारा बंद करवाए गए जोकि देशभर में ब्लॉक किए गए नंबरों का लगभग 20 प्रतिशत है। हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा रोजाना लगभग 11 साइबर अपराधियों को किया जा रहा है। पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2024 से लेकर 31 मई 2024 तक अलग-2 क्षेत्रों से 1668 साइबर अपराधियों को गिरफतार किया गया। इनमें से लगभग 400 साइबर अपराधी हरियाणा राज्य से है जबकि लगभग 1200 साइबर अपराधियों को देशभर में साइबर अपराध के हॉटस्पॉट क्षेत्र जैसे आसाम, राजस्थान, झारखंड, उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में रेड करके पकड़ा गया। हरियाणा पुलिस द्वारा देशभर में ऐसे 50 हॉटस्पॉट क्षेत्रों को सूचीबद्ध किया गया है जहां से साइबर अपराध के मामले सबसे अधिक रिपोर्ट किए जाते हैं। हरियाणा पुलिस द्वारा टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई और संदिग्ध मोबाइल नंबरों को बंद करवाने की कार्ययोजना तैयार की गई और एक लाख 11 हजार 349 मोबाइल नंबर को ब्लॉक करवाया गया जो कि देशभर में सबसे अधिक है।दूसरा साइबर अपराधियों की धरपकड़ को लेकर हरियाणा में हॉटस्पॉट क्षेत्रो की पहचान करते हुए उन्हें सूचीबद्ध किया गया जहां से साइबर फ्रॉड के सबसे अधिक फोन किए जाते हैं। प्राप्त सूची का विश्लेषण करने पर पाया गया कि हरियाणा के जिला नूंह से इस प्रकार के मामले सबसे अधिक रिपोर्ट किए जा रहे हैं। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने जिला नूह में विशेष अभियान चलाते हुए साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई। हरियाणा पुलिस ने इस विशेष अभियान के तहत जिला नूह में 18,886 मोबाइल नंबरों को ब्लॉक करवाया। अस्त्र साफटवेयर से बंद करवाए 4,96,562 मोबाइल नंबरः तीसरा दूरसंचार विभाग के सहयोग से तैयार किए गए ‘अस्त्र‘ सॉफ्टवेयर के माध्यम से भी 4,96,562 मोबाइल नंबरों को ब्लॉक करवाया गया। इन मोबाइल नंबरों को जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किया जा रहा था।
(SUBHEAD)
‘अस्त्र‘ नामक सॉफ्टवेयर के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस तथा फैशियल रिकॉग्निशन टूल का इस्तेमाल करके इन मोबाइल नंबरों को ब्लॉक करवाने में सफलता प्राप्त की गई। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 29 साइबर पुलिस थाने भी खोले गए जहां की अनुभवी व प्रशिक्षित टीमों द्वारा साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी रेड की जाती है। इसी प्रकार, आई4सी में हरियाणा पुलिस के 4 अधिकारी तैनात किए गए जो देशभर के 20 बड़े बैंको के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड रोकने के लिए एक मंच पर कार्य कर रहे हैं। हरियाणा पुलिस की टीम के साथ वर्तमान में 9 बड़े बैंको के 14 नोडल अधिकारी काम कर रहे हैं ताकि साइबर फ्रॉड होने पर त्वरित कार्रवाई करके राशि को बैंक खाते में फ्रिज किया जा सके।