भिवानी। ऑल नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक यहां संपन्न हुई। बैठक में नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से उन्हें लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव से पहले पूरा करने की मांग की गई।
(SUBHEAD)
ऑल नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की राज्य प्रधान एवं संस्थापक सदस्य निर्मल ढांडा ने सेवानिवृति के बाद राज्य प्रधान के पद से त्याग पत्र दे दिया। साथ ही एसोसिएशन की ओर से उन्हें चेयरपर्सन चुना गया, ताकि एसोसिएशन में उनकी भूमिका बनी रहे और उनका मार्गदर्शन मिलता रहे। इस अवसर पर सुनीता देवी को सर्वसम्मति से राज्य प्रधान चुन लिया गया। सभी नर्सिंग ऑफिसर्स एवं पदाधिकारियों ने सुनीता देवी को राज्य के दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही पूर्व राज्य प्रधान निर्मल ढांडा के सुखमय जीवन की कामना की। उन्हें ऑल नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन भिवानी जिला की ओर से सेवानिवृति पर सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर नवनियुक्त राज्य प्रधान सुनीता देवी ने कहा कि पूर्व प्रधान निर्मल ढांडा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में एसोसिएशन ने नर्सिंग ऑफिसर्स के हकों के लिए सदा मजबूती से लड़ाई लड़ी है। एसोसिएशन को उन्होंने सदा आगे बढ़ाने काम किया। वे नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों को भी सरकार तक पहुंचाती रही हैं। उन्होंने कहा कि अपने पद पर रहते हुए वे नर्सिंग ऑफिसर्स के मुद्दों पर सरकार से मिलकर मांगों को पूरा करवाया जाएगा।
नर्सिंग ऑफिसर की आज तीन प्रमुख मांगें नर्सिंग अलाउंस, नर्सिंग कैडर को ग्रुप-बी में शामिल और ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करवाने की हैं। लंबे समय से इन मांगों को प्रदेशभर में नर्सिंग ऑफिसर्स सरकार के समक्ष रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स कोरोना महामारी में भी फ्रंट लाइन योद्धा बनकर लोगों की सेवा करते रहे। खुद की जान की परवाह ना करके मरीजों का जीवन बचाना ही उनका उद्देश्य रहा। ऐसे में सरकार को भी बड़ा दिल दिखाकर इन तीनों मांगों को जल्द से जल्द पूरा करके लागू कर देना चाहिए।