चंडीगढ़, 1 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को यहां ‘बर्कले इंडिया स्पीकर सीरीज इवेंट’ कार्यक्रम के तहत विदेशों के अग्रणी विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे राज्य के छात्रों के साथ वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से बातचीत की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसके पास एक समर्पित ‘विदेश सहयोग विभाग’ है, जो विश्व स्तर पर उन अवसरों की तलाश कर रहा है जो प्रदेश के विकास को गति दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कई अच्छे विश्वविद्यालय हरियाणा में अपने कैंपस का विस्तार कर रहे हैं तथा कई विदेशी विश्वविद्यालयों ने भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं,जिसके तहत सरकारी विश्वविद्यालयों के साथ अन्य सेमेस्टर एक्सचेंज कार्यक्रम शुरू किए हैं।
संवाद आदान-प्रदान कार्यक्रम के दौरान कई छात्रों ने हरियाणा को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने बारे वर्तमान सरकार के योगदान पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने उनको बताया कि हरियाणा एक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरा है, क्योंकि सभी प्रमुख कंपनियों ने अपनी मुख्य कार्यालय यहां पर बनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा और वायु प्रदूषण पर पूछे गए सवाल के जवाब में बताया कि हमारी सरकार महिला सुरक्षा के मामले में बहुत संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रत्येक जिले में महिला पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं।
वायु प्रदूषण के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में फसलों के अवशेष जलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है और इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते इन फसल अवशेषों को औद्योगिक इकाइयों में उपयोग किया जाने लगा है। राज्य में इससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में काफी सुधार हुआ है।