चंडीगढ़, 23 अगस्त।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि मोदी के फोटो छपे थैले जलाने के आरोप में जींद में सैकड़ों किसानो व आमजन पर जो मुकदमे दर्ज किए गए है वह लोकतंत्र पर कुठाराघात है। वे मनोहर सरकार के इस तानाशाह रवैये की कडे शब्दों में निंदा करते है। सुरजेवाला का कहना है कि मोदी जी को फोटो छपवाने का शायद कुछ ज्यादा ही शौक है तभी तो राशन तक के कट्टों पर उनकी फोटो छप रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का अधिकार हैं। किसान भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात कह रहे थे लेकिन मनोहर सरकार ने उन पर तानाशाह रवैया बरतते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जो कि लोकतंत्र का गला घोटना है। अन्नपूर्णा उत्सव के दौरान लोगों को जो राशन वितरित किया गया उन कट्टों पर मोदी और खट्टर और दुष्यंत की फोटो लगी थी। किसानो का कहना था कि राशन के इन थैलोंं पर इन सब की फोटो लगाने का क्या तुक है। किसान राशन के कट्टों पर छपी फोटो का विरोध कर रहे थे। इसी एवज में खट्टर सरकार ने इन सैकड़ों किसानों के खिलाफ सरकार कार्य में बाधा पहुंचाने, आगजनी करने और सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत जो मुकदमे दर्ज किए है वह खट्टर सरकार की बौखलाहट का परिचायक है।
सुरजेवाला ने कहा कि इस सरकार में जो भी किसान, व्यापारी, कर्मचारी और आम वर्ग लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता है उन सबके खिलाफ इसी प्रकार मुकदमे दर्ज करके आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। एक तरफ तो यह सरकार हर मोर्चे पर विफल है वही दूसरी और कोई वर्ग इनकी नाकामियों को उजागर करता है तो उनका गला घोटने की कोशिश की जाती है। सुरजेवाला ने कहा कि काग्रेस पार्टी इन सब वर्गों के हको की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लडती रहेगी। इन वर्गों की लडाई के लिए अदालतों तक का दरवाजा खटखटाना पडा तो भी वे पीछे नही हटेंगे।