-रात को शराब पीकर मचाया उत्पात
गुरुग्राम। जिले के गांव पातली में शुक्रवार की रात को शराब के नशे में एक व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया। पहले तो उसने गाली-गलौच की। उसके बाद उसने एक घर के बाहर खड़ी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह इस घटना की सूचना फर्रूखनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया। आरोपी के परिजनों ने भी उससे पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
फर्रूखनगर पुलिस थाना में पातली गांव निवासी चांद किशोर पुत्र धनराज सिंह ने कहा है कि उनकी गाड़ी घर के बाहर खड़ी रहती है। बीती रात यानी 20 अगस्त 2021 शुक्रवार की रात को करीब 12 बजे उनके घर के सामने रहने वाला नाशु पुत्र देवेंद्र कुमार नशा करके आया। उसने पहले तो उन्हें गालियां देनी शुरू कर दी। इसके बाद उसने गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। गाड़ी का आगे का शीशा तोड़ दिया। चांद किशोर का कहना है कि ऐसा वह पहले भी कर चुका है। नशे में गालियां भी देता है और जान से मारने की धमकी देता है।
(MOREPIC1)
शुक्रवार की रात को हुई घटना की सूचना उन्होंने 112 नंबर पर दी। सूचना के तुरंत बाद 112 नंबर पुलिस सेवा मौके पर पहुंची। पीडि़त ने बताया कि पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है और उनके परिजनों को शिकायत भी की है। लेकिन वह नहीं मान रहा। परिजनों का यही कहना है कि उनका लड़का उनके कहने-सुनने से बाहर है। वे खुद उससे परेशान हैं। पीडि़त ने आरोपी नाशु के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीडि़त चांद किशोर के पड़ोसी ग्रामीण दिलबाग (लोटन), आजाद सिंह व राज सिंह ने भी सहमति जताई है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल हेमंत कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।