-गुडग़ांव आईएएस अकादमी ने आर्थिक पिछड़ों के लिए शुरू किया 'संभव कार्यक्रम
-रियायती दरों पर मिलेगा आईएएस व आईपीएस का प्रशिक्षण
गुरुग्राम। गुडग़ांव के विधायक सुधीर सिंगला ने कहा है कि शिक्षा में वह बल है जो मानव को महामानव बना सकता है। शिक्षा पर हर वर्ग के लोगों का समान अधिकार है। यह ऐसी संपत्ति है जिसे कोई भी व्यक्ति छीन नहीं सकता है। सिंगला रविवार को गुरुग्राम में गुडग़ांव आईएएस अकादमी द्वारा आर्थिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों को रियायती दरों पर शुरू किए गए यूपीएससी कोचिंग कार्यक्रम संभव का वर्चुअल उद्घाटन करने के दौरान कही।
विधायक सुधीर सिंगला ने कहा कि अक्सर यह देखा गया है कि आर्थिक रूप से पिछड़े हुए बच्चे वित्तीय साधनों के अभाव में बेहतर प्रशिक्षण हासिल नहीं कर पाते हैं। आईएएस व आईपीएस बनने का सपना अधूरा रह जाता है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए संभव कार्यम्रम कारगर सिद्ध होगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुजरात राष्ट्रीय सिख संगत के महासचिव पवन वी. सिंधी ने कहा कि संस्था ने गरीब बच्चों को आईएएस, आईपीएस की कोचिंग का जो यह बीड़ा उठाया है, अपने आप में अनूठा उदाहरण है।
हम सबका यह प्रयास रहना चाहिए कि निम्न तबके को ऊपर उठाकर उनको भी मुख्यधारा में लेकर आएं। प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. अशोक दिवाकर ने आईएएस अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुरुग्राम में देश के विभिन्न राज्यों के लोग रहते हैं। यहां आर्थिक रूप से पिछड़े बच्चों के लिए इस तरह के संस्थान की बेहद जरूरत थी।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति मारकण्डेय आहूजा ने स्वामी विवेकानंद के संदेश का हवाला देकर कहा कि उन्होंने कहा था कि शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य की सोई हुई शक्तियों का जगाना है। जिनके बल पर मनुष्य समाज को नई दिशा देता है।
आईएएस अकादमी के निदेशक सचिन शर्मा तथा जयदेव शर्मा ने बताया कि उनकी अकादमी के माध्यम से अब तक करीब 28 विद्यार्थियों का आईएएस व आईपीएस में चयन हो चुका है।
आर्थिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए कार्यक्रम का रोहतक, यमुनानगर, भिवानी, करनाल आदि शहरों में भी विस्तार किया जाएगा। इस अवसर पर समाज सेवी जयदेव शर्मा, समाजसेवी गगन गोयल, नवीन शर्मा, वेद प्रकाश यादव, थानमल शर्मा, अमर कटारिया, रविंद्र भारद्वाज, अमित रोहतक, लोकेश भारद्वाज समेत गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।