चंडीगढ़, 6 अगस्त। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ने उन विधायकों को विधानसभा की कमेटियों से बाहर करने के आदेश जारी कर दिए हैं जो इन कमेटियों को गंभीरता से नहीं ले रहे थे और कभी बैठक में नहीं आते थे।
जिन विधायकों को विधानसभा कमेटियों से बाहर किया गया है उनमें तोशाम विधायक व पूर्व मंत्री किरण चौधरी, आदमपुर विधायक कुलदीप बिश्नोई तथा चरखी दादरी से निर्दलीय विधायक सोमबीर सिंह सांगवान ऐसे विधायकों में टॉप पर हैं। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने बैठकों से गैर-हाजिर रहने वाले विधायकों को बाहर करने के निर्देश दिए हैं।
विधानसभा ने विधायी कार्यों के अलावा विभिन्न विभागों व बोर्ड-निगमों से जुड़े मामलों की सुनवाई, विकास कार्यों की समीक्षा, धांधलियों की स्टडी रिपोर्ट के लिए 14 कमेटियों का गठन किया हुआ है। इन कमेटियों के प्रभारियों के साथ की अहम बैठक में स्पीकर ने ये निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने सभी कमेटियों को और भी एक्टिव करते हुए सरकार से जुड़े विकास कार्यों की ऑन-दी-स्पॉट चैकिंग करने को भी कहा है।
(SUBHEAD)
लोक लेखा समिति की अभी 21 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन इसकी सदस्य किरण चौधरी एक भी बैठक में उपस्थित नहीं हुईं। सोमबीर सिंह सांगवान सब-आर्डिनेट लेजिस्लेशन कमेटी के सदस्य हैं। इस कमेटी की अभी तक 13 बैठकें हो चुकी हैं ओर सोमबीर एक बार भी बैठक में नहीं आए। कुलदीप बिश्नोई की उपस्थिति से भी विधानसभा स्पीकर संतुष्ट नहीं हैं। शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं विषय पर गठित कमेटी की अभी तक 12 बैठकें हुईं, लेकिन इसके भी दो सदस्य एक भी बैठक में नहीं आए। विधान सभा सचिवालय कमेटियों की बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने वाले विधायकों को जल्द पत्र लिखने जा रहा है।