चंडीगढ़, 02 अगस्त। हरियाणा में युवाओं को व्यापार के नए अवसर देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को ‘हर हित स्टोर योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश में दो हजार रिटेल स्टोर खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आज पंचकूला में आयोजित हर हित स्टोर योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा तैयार एक स्टोर का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत हरियाणा सरकार युवा फ्रैंचाइजी के साथ-साथ सूक्ष्म एवं लघु उद्योग (एमएसएमई), सरकारी सहकारिता संस्थाओं, एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के व्यापार को बढ़ाने के लिए मंच प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 18 से 35 आयु वर्ग में कोई भी युवा बेरोजगार न रहे, इस उद्देश्य के साथ ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य वर्ष 2024 तक हरियाणा को 'बेरोजगार मुक्त-रोजगार युक्त' बनाना है। इसलिए युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह स्टोर केवल एक जरूरत नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर बोलते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जे पी दलाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा की गई यह पहल निश्चित रूप से आने वाली पीढिय़ों के लिए वरदान साबित होगी क्योंकि आज युवाओं को आगे बढऩे के लिए एक मंच प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के तहत सत्यापित युवाओं की मासिक आय न्यूनतम 15,000 सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि परिवार पहचान पत्र के तहत जिन परिवारों की सत्यापित वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है, उन परिवारों के युवाओं को भी इस हर हित स्टोर योजना में प्राथमिकता दी जाएगी। इन परिवारों के युवा हर हित स्टोर खोलने के लिए रूचि दिखाते हैं तो राज्य सरकार इन युवाओं को हर माह न्यूनतम 15 हजार रुपये की आय सुनिश्चितता की गारंटी भी देगी।
उन्होंने बताया कि हर हित स्टोर की बिक्री प्रावधानों के अनुसार जो फ्रैंचाइजी पार्टनर डेढ लाख रुपये की ब्रिकी करेगा, उसे 10 प्रतिशत के हिसाब से 15 हजार रुपये की आय होगी। यदि पीपीपी में न्यूनतम आय परिवारों के युवा शुरुआती छह महीनों में न्यूनतम 15 हजार रुपये की आय अर्जित करने में असमर्थ रहते हैं तो राज्य सरकार 6 महीने तक उन्हें न्यूनतम आय सुनिश्चित करने की गारंटी देगी।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल, सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश दौलताबाद, हैफेड के अध्यक्ष कैलाश भगत और विधायक श्रीमती सीमा त्रिखा, रणधीर गोलन, नयन पाल रावत और जोगी राम सिहाग भी मौजूद रहे।